रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में एक बार फिर सड़क हादसे ने ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।उरला-बेंद्री रोड की सर्विस लाइन पर करीब 25 वर्षीय करण पासवान को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करण गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रक उनके कमर के ऊपर से गुजर गया।गंभीर हालत में करण पासवान को एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, उरला थाना क्षेत्र में एक साल के भीतर यह तीसरी गंभीर सड़क दुर्घटना है, जबकि पिछले करीब एक महीने में ट्रक की चपेट में आने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है।
लगातार हो रहे हादसों के बीच अब सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की रफ्तार और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगह स्पीड ब्रेकर, सिग्नल और पर्याप्त ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था नहीं है। अब सवाल यही है—उरला की सड़कों पर हादसे रोकने के लिए आखिर कब ठोस कदम उठाए जाएंगे?










