BREAKING

छत्तीसगढ़

बचेगी जल धरोहर : पेंड्रावन जलाशय के संरक्षण पर सीएम ने दिया सकारात्मक आश्वासन

CG Khabar : रायपुर। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बंगोली स्थित 115 वर्ष पुराने ऐतिहासिक ‘पेंड्रावन जलाशय’ के संरक्षण और इसके अस्तित्व को बचाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण एवं निर्णायक पहल की गई। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने ‘पेंड्रावन जलाशय बचाओ किसान संघर्ष समिति’ के प्रतिनिधिमंडल के साथ रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य एवं सार्थक भेंट की। इस दौरान जलाशय की वर्तमान स्थिति, इसके गौरवशाली ऐतिहासिक महत्व और क्षेत्र के किसानों की चिंताओं से मुख्यमंत्री को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।

सिंचाई और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है जलाशय

भेंट के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री के समक्ष पेंड्रावन जलाशय के संरक्षण और किसानों के व्यापक हित में इसके शीघ्र समाधान की मांग को प्रमुखता से रखा। विधायक श्री शर्मा ने कहा कि लगभग 115 वर्ष पुराना यह ऐतिहासिक जलाशय केवल एक जल संरचना नहीं, बल्कि पूरे धरसींवा और आसपास के ग्रामीण अंचल की कृषि व्यवस्था, भू-जल स्तर संवर्धन और हजारों किसान परिवारों की आजीविका की वास्तविक जीवनरेखा है। इस जलाशय से बड़े रकबे में फसलों की सिंचाई होती है, जिस पर क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था सीधे तौर पर निर्भर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलाशय पर मंडरा रहे किसी भी प्रकार के संकट से क्षेत्र की खेती-किसानी और पर्यावरण पर गहरा प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

अन्नदाताओं ने साझा की जमीनी पीड़ा और पेयजल संकट की चिंता

इस अवसर पर उपस्थित ‘पेंड्रावन जलाशय बचाओ किसान संघर्ष समिति’ के पदाधिकारियों ने भी स्थानीय किसानों की भावनाओं और जमीनी परिस्थितियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। समिति के सदस्यों ने बताया कि क्षेत्र के किसान लंबे समय से अपनी इस ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए प्रयासरत हैं, क्योंकि इसके बिना पूरे अंचल में सिंचाई के साथ-साथ पेयजल का भी गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।

सीएम साय की संवेदनशील पहल, सकारात्मक निर्णय का भरोसा

विधायक अनुज शर्मा और किसान संघर्ष समिति की बातों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अत्यंत संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सुना। मुख्यमंत्री ने जलाशय के ऐतिहासिक महत्व और किसानों की चिंताओं को जायज ठहराते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार जल-संरक्षण और अन्नदाताओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस संपूर्ण विषय पर गंभीरतापूर्वक और सकारात्मक विचार करते हुए जल्द ही उचित एवं ठोस निर्णय लेने का भरोसा दिलाया।

आश्वासन से खिले किसानों के चेहरे, विधायक ने जताया आभार

मुख्यमंत्री से मिले इस सकारात्मक आश्वासन के बाद धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की संवेदनशील सरकार सदैव अन्नदाताओं के साथ खड़ी है और निश्चित रूप से पेंड्रावन जलाशय के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। वहीं, मुख्यमंत्री से हुई इस सार्थक चर्चा के बाद ग्राम बंगोली सहित पूरे क्षेत्र के किसानों और संघर्ष समिति के सदस्यों में नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार हुआ है। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, पूर्व विधायक देव भाई पटेल,डोमार सिंह धुरंधर, उधोराम वर्मा,ललित बघेल,अनिल नायक,घनश्याम वर्मा,ठाकुर राम मढ़रिया,हेमंत सिंह ठाकुर, कुंज़लाल वर्मा, प्रदीप मढ़रिया, वीरनारायण देवांगन उपस्थित रहें

Related Posts