CG Khabar । ग्राम पिपरभट्ठा में समस्त ठेठवार (यदु) समाज एवं ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में मातर मेला महोत्सव एवं सामुदायिक भवन भूमिपूजन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के संरक्षक श्री रामसिंग यदु ने की।इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया तथा क्षेत्रवासियों को मातर पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समाज के लोगों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की सराहना की।
विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे से है। मातर तिहार हमारी ग्रामीण संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। यादव (ठेठवार) समाज ने सदैव अपनी परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक समरसता को सहेजकर रखा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने समाज की आत्मीय मेहमाननवाजी का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलता है, जहां कहीं काजू-बादाम तो कहीं अनेक प्रकार के पकवान और खान-पान की सामग्री से अतिथियों का स्वागत किया जाता है। लेकिन यादव समाज के कार्यक्रम में चावल और दूध से बनी खीर को प्रसाद स्वरूप भेंट करने की परंपरा मन को विशेष रूप से छू जाती है। यह केवल एक मिठाई नहीं, बल्कि समाज की सादगी, अपनापन, सात्विकता और अतिथि सत्कार की समृद्ध भावना का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि खीर जैसी पारंपरिक प्रसादी में हमारी मिट्टी की खुशबू और संस्कृति की मिठास समाहित है।
यादव समाज की यही सहजता और आत्मीयता उसे विशेष पहचान प्रदान करती है। समाज अपनी परंपराओं को जिस तरह सहेजकर आगे बढ़ा रहा है, वह प्रशंसनीय है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत रखते हैं।विधायक ने सामुदायिक भवन के भूमिपूजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह भवन समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हरीश साहू, जनपद पंचायत सदस्य नेमिन मोहन वर्मा, सरपंच नंदनी बंजारे, भाजपा मंडल अध्यक्ष गजानंद साहू, ठेठवार समाज के अध्यक्ष जितेंद्र यदु, रेवाराम निषाद, लव कुमार साहू, रोहित साहू, शिव साहू, पूर्व पार्षद, सामाजिक पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विष्णु साहू, स्वरूप साहू, दशरथ साहू, शत्रुघ्न साहू, मानाराम साहू सहित ठेठवार समाज के पदाधिकारी, ग्राम के वरिष्ठजन, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी तथा आसपास के क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामाजिक सौहार्द एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।










