रायपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 4 सितंबर को पूरे छत्तीसगढ़ में शुष्क दिवस घोषित किया गया है। साथ ही नगरीय निकाय क्षेत्रों में पशुवध गृह और मांस बिक्री की दुकानें भी बंद रहेंगी।
यह निर्णय स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मांग पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लिया है। मंत्री यादव ने जन्माष्टमी की धार्मिक गरिमा और प्रदेशवासियों की भावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री से 4 सितंबर को शुष्क दिवस घोषित करने के साथ मांस बिक्री पर रोक लगाने का आग्रह किया था।
सरकार के इस फैसले को सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और जनभावनाओं के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है। यादव समाज में भी निर्णय को लेकर उत्साह है। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आस्था का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के धर्म, कर्म, सत्य और लोककल्याण के संदेश को ध्यान में रखते हुए जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया जाना चाहिए। सरकार का यह निर्णय इसी भावना को दर्शाता है।










