महासमुंद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में एक पिता और बेटे ने मिलकर अपने ही परिवार के सदस्य की हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल को यशवंत चन्द्राकर के मुर्गी फार्म के पास जंगल से लगे एक कुएं में प्लास्टिक बोरी में भरा एक युवक का शव तैरता हुआ मिला था। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव की पहचान लाफिनखुर्द निवासी 27 वर्षीय सत्यानारायण ध्रुव के रूप में की।
जांच में सामने आया कि मृतक शराब का आदी था और अक्सर नशे में अपने परिवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। 6 मार्च को एक विवाद के दौरान, जब वह अपनी मां के साथ मारपीट कर रहा था, तब उसके छोटे भाई ने गुस्से में आकर पत्थर के सिल से उस पर हमला कर दिया। लगातार वार से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पिता महेश ध्रुव और उसके बेटे ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को प्लास्टिक बोरी में भरकर उसमें पत्थर बांधा और मोटरसाइकिल से ले जाकर कुएं में फेंक दिया। करीब एक महीने बाद जब शव पानी में तैरता मिला, तब इस पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों—पिता महेश ध्रुव और उसके बेटे—को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।











