CG News | धरसींवा: भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे ‘घर-घर चलो महासंपर्क अभियान’ के तहत धरसींवा विधानसभा के लोकप्रिय विधायक अनुज शर्मा ने धरसींवा मंडल के विभिन्न ग्रामों का सघन दौरा किया। अभियान के तहत विधायक ने ग्राम मुर्रा, देवरी,अकोली में घर-घर जाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, उनका कुशलक्षेम पूछा और केंद्र व राज्य के भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
सीधा संवाद और आत्मीय मिलन | महासंपर्क अभियान के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने बेहद आत्मीयता के साथ ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और युवाओं व महिलाओं से चर्चा कर उनकी स्थानीय समस्याओं और आवश्यकताओं को समझा। ग्रामीणों ने भी अपने विधायक का पारंपरिक रूप से आत्मीय स्वागत किया।
जनसंपर्क के दौरान विधायक अनुज शर्मा की सादगी ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया दौरे के दौरान विधायक अनुज शर्मा की सादगी एक बार फिर देखने को मिली। उन्होंने गाँव के एक साधारण से कार्यकर्ता के घर पहुंचकर अत्यंत आत्मीय माहौल में जमीन पर बैठकर सादगीपूर्वक भोजन किया। विधायक को अपने बीच पाकर किसान परिवार और ग्रामीण बेहद भावुक और आनंदित नजर आए। जनसंपर्क: ग्राम मुर्रा, देवरी, अकोली के प्रत्येक वार्ड और घरों में जाकर विधायक ने जनसंवाद किया। योजनाओं की जानकारी: महतारी वंदन योजना, किसान उन्नति योजना और आयुष्मान भारत जैसी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया। विकास पर मंथन: विधायक नें गाँव के वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठकर ग्रामीण विकास की रूपरेखा पर चर्चा की।
वरिष्ठजनों का सम्मान और आशीर्वाद
भारतीय जनता पार्टी की ‘संस्कार और सम्मान’ की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विधायक ने गाँव के वरिष्ठजनों और बुजुर्गों का मंच पर सम्मान किया। उन्होंने बुजुर्गों को शॉल ओढ़ाकर, श्रीफल भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। विधायक ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की नींव हैं और उनका मार्गदर्शन ही हमें सही दिशा में काम करने की प्रेरणा देता है।
मीडिया से चर्चा ग्रामीणों सें व्यक्तिगत चर्चा के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि आज आप लोगों के घर आकर मेरे मन में असीम खुशी है। मुझे ऐसा महसूस हो रहा है कि मैं किसी कार्यकर्ता नहीं, बल्कि आज अपने खुद के परिवार के बीच आकर बैठा हूँ। हमारी भाजपा सरकार का एक ही संकल्प है—घर-घर चलो महासंपर्क अभियान’। इसका मतलब यह नहीं है कि हम सिर्फ चुनाव के समय आएं बल्कि इसका मतलब यह है कि हम आपकी समस्याओं कों सुनने सीधे आपके घर के आंगन तक आएं। भाजपा सरकार का एकमात्र लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य सरकार की नीतियां सीधे गरीब, किसान, महिला और युवाओं को सशक्त बना रही हैं। आज मुर्रा, देवरी एवं अकोली गांव के गलियों में घूमते हुए, आप लोगों का जो प्यार और आशीर्वाद मुझे मिला है, उसने मेरी जिम्मेदारी को और बढ़ा दिया है। अभी मैं हमारे एक किसान भाई के घर बैठा था। उनके घर पर बैठकर, उनके साथ जो सादा लेकिन प्रेम से भरा भोजन मैंने किया है, वैसी तृप्ति और वैसा स्वाद मुझे दुनिया के किसी बड़े होटल में नहीं मिल सकता। ये हमारी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की खूबसूरती है, जहाँ सुखा-बासी में भी अमृत का स्वाद होता है। आज मुर्रा गांव के वरिष्ठजनों, हमारे सियानों से भी मुझे मुलाकात करने का सौभाग्य मिला। उनके तजुर्बे और उनकी बातें सुनकर मैंने गांव की समस्याओं और आवश्यकताओं को करीब से समझा है। मैं आप सबको विश्वास दिलाता हूँ कि हमारे बुजुर्गों ने गांव के विकास के लिए जो भी सुझाव दिए हैं, उन पर धरसीवां विधानसभा में प्राथमिकता से काम होगा। चाहे वह बिजली की बात हो, पानी की हो, या पक्की सड़कों और नालियों की व्यवस्था हो— पूरे धरसीवाँ विधानसभा के गांव में विकास की गंगा बहकर रहेगी।
मैं आप सभी से आग्रह करने आया हूँ कि सरकार की इन सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। अगर किसी को कोई परेशानी आती है, तो आपके इस बेटे, भाई के दरवाजे आपके लिए हमेशा खुले हैं। आप सब ने जो मान-सम्मान और मया (प्रेम) मुझे दिया है, उसके लिए मैं पूरे ग्रामवासियों का कोटि-कोटि धन्यवाद करता हूँ। इसी तरह अपना आशीर्वाद बनाए रखिएगा।
समस्याओं के त्वरित निराकरण का भरोसा
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने गांव की कुछ स्थानीय समस्याओं जैसे सड़क, पानी और बिजली से जुड़ी मांगें विधायक के समक्ष रखीं। विधायक अनुज शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि धरसींवा विधानसभा के हर गांव का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस महासंपर्क अभियान में धरसींवा मंडल के वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी, ग्रामों के वरिष्ठ नागरिक, समाज प्रमुख, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में देवतुल्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।










