BREAKING

छत्तीसगढ़

नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास तक पहुंचा बस्तर, ‘भारत पर्व 2026’ में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति ने मोहा देश का मन

रायपुर, । गुजरात के एकता नगर स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव ‘भारत पर्व 2026’ में छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग ने अपनी समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला और बदलते विकास स्वरूप की प्रभावशाली तस्वीर देश के सामने प्रस्तुत की। 1 से 15 नवंबर तक आयोजित इस भव्य आयोजन में बस्तर के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से संस्कृति के साथ क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलाव की कहानी राष्ट्रीय मंच पर बयां की।

भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय एवं गुजरात पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य अतिथि शामिल हुए।

लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का अनूठा संगम

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम बींजे और धनोरा के ‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के 75 कलाकारों ने भारत पर्व के राष्ट्रीय मंच पर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकारों ने लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का अनूठा संगम प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

इस प्रस्तुति को तैयार करने में प्रसिद्ध लोक गायक सिद्धार्थ महाजन, तिलकराम दुग्गा और भूपेंद्र साहू का विशेष सहयोग रहा। देशभर से पहुंचे करीब 5,000 कलाकारों की सहभागिता वाले इस आयोजन में कोंडागांव के कलाकारों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र बनी।

नाटक में दिखी बस्तर के बदलाव की कहानी

भारत पर्व में बस्तर की प्रस्तुति का सबसे प्रभावशाली पहलू ‘नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास’ तक की यात्रा को नाट्य मंचन के जरिए दर्शाना रहा। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से बस्तर में लंबे समय तक रही नक्सलवाद की चुनौती और उसके बाद तेजी से हो रहे विकास को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

मंचन में दिखाया गया कि बस्तर के गांवों में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और कॉलेज जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। विकास की इन नई संभावनाओं के बीच आदिवासी समाज के जीवन में शांति, खुशहाली और नई उम्मीद का संचार किस तरह हुआ है, इसे कलाकारों ने प्रभावशाली ढंग से मंच पर साकार किया।

मांदरी नृत्य और बांस शिल्प ने भी बटोरी तारीफ

नाट्य मंचन के साथ बस्तर की पारंपरिक लोकसंस्कृति ने भी दर्शकों को खूब आकर्षित किया। मांदर, ढोल और झांझ जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच प्रस्तुत मांदरी लोकनृत्य ने माहौल को जीवंत कर दिया।

वहीं छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित बस्तर के प्रसिद्ध पारंपरिक बांस शिल्प और हस्तकला ने भी देशभर से पहुंचे लोगों का ध्यान खींचा। भारत पर्व के मुख्य थीम पवेलियन में 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की गई, जिसमें बस्तर की कला और संस्कृति ने अपनी अलग पहचान बनाई।

राष्ट्रीय मंच पर दिखी नए बस्तर की तस्वीर

‘भारत पर्व 2026’ में बस्तर के कलाकारों की सहभागिता ने देश को क्षेत्र की समृद्ध और प्राचीन लोकसंस्कृति से परिचित कराने के साथ-साथ बदलते बस्तर की तस्वीर भी सामने रखी। पारंपरिक कला, नृत्य, हस्तशिल्प और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से बस्तर की संस्कृति और विकास यात्रा को जिस तरह प्रस्तुत किया गया, उसने राष्ट्रीय मंच पर क्षेत्र की एक नई पहचान को मजबूती दी।

बस्तर की इस प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि क्षेत्र अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखते हुए शांति, विकास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

सभी प्रकार की विज्ञापन के लिए हमें इस नंबर 👉7415454656,पर संपर्क करें

Related Posts