CG News : बेमेतरा। जिला साहू संघ बेमेतरा द्वारा रविवार को दानवीर भामाशाह भवन, दुर्ग रोड में दिवाली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता जिला साहू संघ के अध्यक्ष नारद साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश साहू संघ युवा प्रकोष्ठ के संयोजक श्री शशिकांत साहू, माँ कर्मा रक्तवीर क्लब राजनांदगांव के संरक्षक मदन साहू तथा युवा प्रकोष्ठ प्रदेश साहू संघ के महामंत्री रॉबिन साहू एवं हर्ष साहू उपस्थित रहे।इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने समाजजनों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साहू समाज सदैव सामाजिक एकता, सेवा, शिक्षा और संस्कारों के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।
समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता और सामूहिक प्रयासों में निहित है। सामाजिक संगठनों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता, युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर और प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के साथ-साथ क्षेत्र और प्रदेश के विकास में भी सभी समाजजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने जिला साहू संघ द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला साहू संघ के अध्यक्ष नारद साहू ने सभी अतिथियों एवं समाजजनों का स्वागत करते हुए कहा कि जिला साहू संघ समाज को संगठित करने, सामाजिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि आगामी 13 दिसंबर को युवक-युवती परिचय सम्मेलन, मेधावी विद्यार्थी एवं शिक्षक सम्मान समारोह तथा रक्तदान शिविर का आयोजन प्रस्तावित है। इन आयोजनों के माध्यम से समाज के युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों और जरूरतमंद लोगों को प्रोत्साहित करने के साथ समाजसेवा की भावना को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं समाजजनों से इन आयोजनों को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता की अपील की।समारोह के दौरान विभिन्न प्रकोष्ठों के नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र प्रदान किए गए। साथ ही आगामी 13 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी रेखराम साहू, श्रीमती नूतन साहू, माधोराम साहू, तारकेश्वरी साहू, बेनूराम साहू, देवेंद्र साहू, रामकुमार साहू, पंचम साहू, उमाशंकर साहू, मिलाप साहू, गोकर्ण साहू, ड़ोसन राम साहू, पंचराम साहू, छोटे लाल साहू, शांति साहू, चोवाराम साहू, नारायण साहू, बल्लू साहू, संतोष साहू, तहसील अध्यक्ष रोहित साहू , प्रेमुसाहू, मोहित साहू, बसंत साहू, गोतम साहू, दुर्गेश्वरी साहू, भारती साहू, उमेश्वरी साहू, दुखित साहू सहित विभिन्न तहसील अध्यक्ष, जिला संयोजक, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल संचालन ईश्वर साहू, सह-संयोजक साहित्य प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। समारोह में हजारों की संख्या में समाजजनों की उपस्थिति रही।










