BREAKING

व्यापार

कालाबाजारी की आशंका के बीच प्रशासन सख्त, सीमित मात्रा में मिलेगा ईंधन

गरियाबंद जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने पेट्रोल पंप संचालकों के लिए सख्त निर्देश जारी करते हुए दोपहिया वाहनों में अधिकतम 300 रुपये और चारपहिया वाहनों में 1000 रुपये तक ही ईंधन देने के आदेश दिए हैं। साथ ही ड्रम, जेरीकेन और बोतलों में पेट्रोल-डीजल देने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार का संकट नहीं है। अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदकर जमा करने लगे थे, जिससे पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही थीं। कई लोग बड़ी मात्रा में ईंधन भरवाने पहुंच रहे थे, जिससे जमाखोरी और कालाबाजारी की आशंका बढ़ गई थी।

इसी स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह आदेश जारी किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी पेट्रोल पंपों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि निर्धारित सीमा से अधिक ईंधन देने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने यह भी कहा है कि ड्रम और जेरीकेन में ईंधन देने से सुरक्षा संबंधी खतरे बढ़ते हैं और आगजनी जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसलिए इस पर रोक लगाना जरूरी था। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें।

सभी प्रकार की विज्ञापन के लिए हमें इस नंबर 👉7415454656,पर संपर्क करें

Related Posts