प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद देशभर में पेट्रोल को लेकर लोगों के बीच हाहाकार मच गया है। सुबह से लेकर देर रात तक लोग पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल भरवाने के लिए उमड़ पड़े। राजधानी रायपुर में भी बारिश के बीच भारी भीड़ देखने को मिली। कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि कुछ जगहों पर मारामारी जैसे हालात भी बन गए।
इसी बीच आम जनता के लिए एक और बड़ी खबर सामने आई है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 15 मई से लागू हो गई हैं। राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल 97 रुपये 77 पैसे और डीजल 90 रुपये 67 पैसे प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं CNG की कीमतों में भी इजाफा किया गया है और अब दिल्ली में एक किलो CNG के लिए 79 रुपये 9 पैसे चुकाने होंगे।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इसकी सबसे बड़ी वजह है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते क्रूड ऑयल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण तेल कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा था, जिसके बाद पेट्रोल, डीजल और CNG के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में इसी तरह तेजी बनी रही, तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे आम लोगों की परेशानियां और बढ़ जाएंगी।











