CG News : राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के कारण 25 सितंबर को प्रस्तावित गणेश विसर्जन झांकी स्थगित होने के बाद अब आज 26 सितंबर को राजनांदगांव में गणेश प्रतिमाओं की विदाई के साथ भव्य झांकी निकाली जाएगी। मौसम की स्थिति और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए गणेश समितियों और प्रशासन के बीच हुई बैठक में झांकी को एक दिन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया था। शहर की लगभग सभी गणेश समितियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए थे।लगातार बारिश के चलते शुक्रवार को झांकी नहीं निकालने पर समितियों ने सहमति जताई थी। प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और झांकी के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की। अब शनिवार को मौसम अनुकूल रहा तो शहर में गणेश विसर्जन झांकी निकलेगी और इसके साथ ही गणेशोत्सव का समापन होगाझांकी को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, डीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी सहित गणेश समितियों से जुड़े भावेश बैद, गोलू गुप्ता, गणेश पवार और अन्य पदाधिकारियों ने बैठक में व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की थी। झांकी के प्रस्तावित मार्ग, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा और विसर्जन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।इस बार राजनांदगांव की गणेश विसर्जन झांकी में कई आकर्षण देखने को मिलेंगे। उमंग गणेशोत्सव समिति की ओर से त्रिदेव की झांकी तैयार की गई है। वहीं बाल समाज समिति की झांकी होली उत्सव की थीम पर आधारित होगी। समिति से जुड़े विकास अग्रवाल ‘पम्पी’ के अनुसार, झांकी में दो जीपों पर प्रस्तुति होगी और आगे भव्य हाथी चलता हुआ दिखाई देगा।राजनांदगांव में आज रात झांकियों के प्रदर्शन के बाद कई झांकियां दूसरे शहरों के लिए रवाना होंगी। डोंगरगढ़, दुर्ग-भिलाई, रायपुर सहित अन्य स्थानों की समितियों ने झांकियां बुक की हैं। ऐसे में राजनांदगांव में प्रदर्शन के बाद इन आकर्षक झांकियों को आने वाले दिनों में दूसरे शहरों की गणेशोत्सव शोभायात्राओं में भी शामिल किया जाएगा। बारिश के कारण एक दिन टली गणेश विसर्जन झांकी को लेकर अब शहरवासियों में उत्साह है। हालांकि आयोजन के दौरान मौसम की स्थिति को देखते हुए समितियों और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी।
मौसम को देखते हुए : राजनांदगांव में आज निकलेगी भव्य झांकी
-ADS-









