BREAKING

छत्तीसगढ़

शिक्षा, संस्कार और सेवा से ही समाज का समग्र विकास : रूपकुमारी चौधरी

CG News : बसना। छत्तीसगढ़ कलार समाज के शिक्षा प्रकोष्ठ द्वारा शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं समाजहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं के सम्मान के लिए राज्य स्तरीय ‘सामाजिक शिक्षा रत्न सम्मान 2026’ समारोह का आयोजन सत्य साईं हॉस्पिटल ऑडिटोरियम, नया रायपुर में किया गया। समारोह में प्रदेशभर से शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, समाजसेवियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महासमुंद सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी थीं। अध्यक्षता छत्तीसगढ़ कलार समाज के प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा, भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, प्रांतीय महिला अध्यक्ष प्रमिला सिन्हा एवं पूर्व प्रांताध्यक्ष भोजराम सिन्हा सहित समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

शिक्षा और संस्कार से ही समाज की प्रगति : युवराज सिन्हा

स्वागत उद्बोधन में कलार समाज के प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी शिक्षा, संस्कार और प्रतिभाओं के विकास से होती है। समाज के निर्माण में शिक्षकों, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि अपनी जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर समाज एवं नई पीढ़ी के निर्माण में योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने शिक्षा प्रकोष्ठ की इस पहल को समाज में शिक्षा एवं सामाजिक चेतना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

शिक्षा ही समाज की प्रगति का आधार : रूपकुमारी चौधरी

मुख्य अतिथि रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का आधार है। शिक्षकों के नवाचार और विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने से उनकी प्रतिभा को नई दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा, संस्कार, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

बसना से तीन प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

बसना क्षेत्र के लिए गौरव की बात रही कि समारोह में क्षेत्र के तीन प्रतिभाओं को ‘सामाजिक शिक्षा रत्न सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। बसना निवासी कन्या शाला पिथौरा में पदस्थ शिक्षक, नवाचारी शिक्षक, साहित्यकार, पर्यावरण प्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता गोपेश कुमार डड़सेना को शिक्षा में नवाचार एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थियों का एकलव्य विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, प्रयास आवासीय विद्यालय एवं राष्ट्रीय साधन-सह-छात्रवृत्ति योजना जैसी शैक्षणिक अवसरों के लिए चयन हुआ है।

रसायन शास्त्र में पीएचडी की उपाधि हासिल करने एवं शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आकाश सिन्हा को सम्मानित किया गया। सम्मान के बाद उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थाओं से सम्मान मिलना गौरव की बात है, लेकिन अपने समाज के बीच सम्मानित होना उनके लिए विशेष गर्व और आत्मीयता का विषय है।

सामाजिक एवं जनसेवा के योगदान के लिए सभापति प्रकाश सिन्हा सम्मानित

जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 21 अंकोरी प्रकाश सिन्हा को समाज एवं जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान, सामाजिक एवं राजनीतिक दायित्वों के निर्वहन, क्षेत्रीय विकास को गति देने तथा जनसामान्य के सर्वांगीण विकास एवं रचनात्मक गतिविधियों में निरंतर सहभागिता के लिए ‘सामाजिक शिक्षा रत्न सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने ‘शिक्षा, संस्कार और सेवा’ के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने वाले शिक्षकों, प्रतिभाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने का सार्थक संदेश दिया।

Related Posts