BREAKING

खेल जगत

विजय मर्चेंट ट्रॉफी: छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन, दूसरे ही दिन उत्तराखंड को 10 विकेट से रौंदा; आदित्य बैदवाल का शतक और 5 विकेट

Khel Samachar : लखनऊ/रायपुर। बीसीसीआई (BCCI) द्वारा आयोजित मेंस अंडर-16 विजय मर्चेंट मल्टी-डे ट्रॉफी 2026 में छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड अंडर-16 टीम को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी है। लखनऊ में 19 से 21 नवंबर तक खेले जाने वाले इस तीन दिवसीय मुकाबले को छत्तीसगढ़ ने मैच के दूसरे ही दिन अपने नाम कर लिया।पहली पारी में ही छत्तीसगढ़ ने कसा शिकंजाटॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का छत्तीसगढ़ के कप्तान का फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ।

छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों के सामने उत्तराखंड की बल्लेबाजी पूरी तरह बेबस नजर आई और पूरी टीम महज 33.4 ओवरों में 87 रन पर सिमट गई। उत्तराखंड की ओर से साकेत चौहान ने सर्वाधिक 25 रन, गगन ने 21 रन और धैर्य बदोला ने 17 रन बनाए। छत्तीसगढ़ के लिए आदित्य बैदवाल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि चंद्र प्रकाश साहू को 4 सफलताएं मिलीं। आदित्य बैदवाल का शानदार शतक 87 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने अपनी पहली पारी में 80 ओवर खेलकर 223 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया और पहली पारी के आधार पर 136 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की।

छत्तीसगढ़ की ओर से गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी में भी कमाल दिखाते हुए आदित्य बैदवाल ने शानदार 119 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा अंशुमन ठाकुर ने 35 रन और अनमोल राज सिंह ने 29 रनों का उपयोगी योगदान दिया। उत्तराखंड की तरफ से धैर्य बदोला और अयान अली ने 5-5 विकेट अपने नाम किए।

दूसरी पारी में भी उत्तराखंड पस्त, 10 विकेट से जीता छत्तीसगढ़136 रनों से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी खेलने उतरी उत्तराखंड की टीम एक बार फिर छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सकी और 54.4 ओवरों में 141 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उत्तराखंड के लिए धैर्य बदोला ने 39 रन और साकेत चौहान ने 20 रन बनाए।

छत्तीसगढ़ की ओर से चंद्र प्रकाश साहू और शौर्य जायसवाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट हासिल किए।जीत के लिए मिले महज 6 रनों के आसान लक्ष्य को छत्तीसगढ़ की सलामी जोड़ी ने 3.1 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए हासिल कर लिया और टीम को एकतरफा जीत दिला दी।

Related Posts