BREAKING

छत्तीसगढ़

शिक्षक द्रोण साहू को मिला ‘बिरसा मुंडा राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026

CG Khabar | छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के विकासखंड पिथौरा के शासकीय प्राथमिक शाला बिजेमाल में कार्यरत शिक्षक द्रोण साहू को शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए छत्तीसगढ़ के वृंदावन कहे जाने वाले चम्पारण्य में 4 जून 2026 को आयोजित भव्य शिक्षक सम्मान समारोह में ‘बिरसा मुंडा राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पिथौरा विकास खंड के सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री पूर्णानंद मिश्रा भी उपस्थित थे।

यह सम्मान देश-विदेश के उन शिक्षकों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपने नवाचारी कार्यों और उत्कृष्ट शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से शिक्षा जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है।

इस प्रतिष्ठित समारोह में भारत के विभिन्न राज्यों से चयनित अनेक नवाचारी शिक्षकों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त इस कार्यक्रम में यूनाइटेड किंगडम (यूके), संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए), वियतनाम, नाइजीरिया सहित कई देशों के शिक्षाविद् एवं नवाचार आधारित शिक्षण कार्यों से जुड़े शिक्षकों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। ऐसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में द्रोण साहू का सम्मानित होना न केवल उनके विद्यालय और राज्य के लिए, बल्कि समूचे शिक्षा समुदाय के लिए गर्व का विषय है।

उल्लेखनीय है कि द्रोण साहू ने अपने शिक्षण कार्य में नवीन शैक्षिक प्रयोगों, रचनात्मक गतिविधियों तथा छात्र-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों को अपनाकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। शिक्षा के प्रति उनकी निष्ठा, नवाचारों के प्रति समर्पण तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर किए जा रहे प्रयास उन्हें एक विशिष्ट शिक्षक के रूप में स्थापित करते हैं।

शिक्षण के साथ-साथ द्रोण साहू एक सक्रिय साहित्यकार भी हैं। साहित्य के क्षेत्र में उनकी सृजनात्मक अभिरुचि और समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण उनकी लेखनी में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है। उल्लेखनीय है कि उन्हें पूर्व में भी शिक्षा, साहित्य और सामाजिक योगदान के लिए अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। बिरसा मुंडा राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 ने उनकी उपलब्धियों की श्रृंखला में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है।

उनकी इस उपलब्धि पर जनपद सदस्य कंवलजीत सिंह छाबड़ा, जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, माननीय विधायक निज सचिव नरेंद्र कुमार बोरे, विकास खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी डड़सेना, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी पूर्णानंद मिश्रा, बी आर सी सी नरेश पटेल, संकुल प्रभारी छुवारी पतेरा यमुना पांडे, संकुल समन्वयक छुवारी पतेरा तुलाराम राणा, संकुल सांकरा प्रभारी दीपक देवांगन, संकुल सांकरा समन्वयक लखन लाल कुर्रे, जगदीश सामल,स्टाफ सदस्य अनिल कुमार भोई, रामप्रसाद बरिहा, रमेश कुमार साहू, कुसुमलता पटेल, संकुल छुवारी पतेरा के शिक्षक, शिक्षिकाएं निशा कुलदीप, तनुजा साहू, वीणा नायक, लता पटेल, दीपांजली नायक , रुचि दुबे, अंजली बुडेक, फागुलाल पटेल, तेजराम रात्रे, रामकृष्ण बरिहा, राजाराम बंजारे, सदानंद पंडा सहित सांकरा शिक्षक ग्रुप के सभी सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया है तथा शुभकामनाएं दी हैं।

Related Posts