CG Khabar | विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलीगेंस द्वारा समाज को तंबाकू मुक्त बनाने के उद्देश्य से “नो टोबैको कैंपेन” का शुभारंभ किया गया। अभियान का मुख्य संदेश था – “तंबाकू छोड़ें, जिंदगी जोड़ें” एवं “Choose Health, Not Tobacco“।
इस जनजागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा स्वस्थ एवं तंबाकू-मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। क्लब का उद्देश्य समाज में सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन लाकर एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं खुशहाल वातावरण का निर्माण करना है।
अभियान के दौरान बताया गया कि तंबाकू का सेवन छोड़ने से हृदय रोगों का खतरा कम होता है, फेफड़ों की कार्यक्षमता में सुधार आता है, शरीर में ऊर्जा एवं स्फूर्ति बढ़ती है, कैंसर सहित अनेक गंभीर बीमारियों का जोखिम घटता है तथा परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार होता है।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन नीरू अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निवारक स्वास्थ्य उपायों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से तंबाकू उत्पादों से दूर रहने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
क्लब की सचिव रोटेरियन तनुश्री अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलीगेंस सदैव सामुदायिक स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी जागरूकता अभियानों का आयोजन करता रहेगा।
क्लब ने सभी नागरिकों से आज ही तंबाकू त्यागने का संकल्प लेने और एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं तंबाकू-मुक्त भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
“तंबाकू को कहें ना, जीवन को कहें हाँ।”











