रायपुर/प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा के अनुशासन और सुशासन के दावों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ढाई साल की भाजपा सरकार में न सरकार संभल रही है और न संगठन। भाजपा के भीतर गुटबाजी, सिरफुटौव्वल और भगदड़ चरम पर है। जिस भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी और अनुशासित पार्टी होने का घमंड था, उसके दावों की पोल अब उसके अपने नेता, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता ही खोल रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार से भाजपा के सांसद और विधायक नाराज हैं, तो संगठन से कार्यकर्ता और पार्षद। कहीं अधिकारी जनप्रतिनिधियों की नहीं सुन रहे हैं, तो कहीं कार्यकर्ता उपेक्षा का आरोप लगाकर इस्तीफा देकर पार्टी छोड़ रहे हैं। डोंगरगांव में सैकड़ों से अधिक कार्यकर्ताओं का इस्तीफा भाजपा संगठन की जमीनी हालत का प्रमाण है। बेमेतरा में एल्डरमैन को लेकर विवाद सामने है। यह तो केवल कुछ उदाहरण हैं, भाजपा के भीतर असंतोष की आग पूरे प्रदेश में धधक रही है।
उन्होंने कहा कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विजय बघेल, भोजराज नाग और विधायक इंद्र कुमार साहू जैसे जनप्रतिनिधियों की अधिकारियों के रवैये को लेकर नाराजगी सार्वजनिक हो चुकी है। विधायक अजय चंद्राकर लगातार सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। विधायक रामकुमार टोप्पो और तहसीलदार के बीच विवाद भी सरकार के प्रशासनिक नियंत्रण की पोल खोल चुका है। मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और भाजपा नेताओं के अधिकारियों से विवाद की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि जब सत्ताधारी दल के ही जनप्रतिनिधि अधिकारियों से परेशान हैं, कार्यकर्ता संगठन से नाराज हैं और मंत्री आपस में गुटों में बंटे हैं, तो प्रदेश की जनता पूछने को मजबूर है कि आखिर छत्तीसगढ़ की सरकार चला कौन रहा है?
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नख-दंत विहीन हो चुकी है। अधिकारियों पर सरकार का कोई नियंत्रण दिखाई नहीं देता। आम जनता छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही है। मंत्रियों के बंगलों से जनता को समाधान नहीं, सिर्फ आश्वासन मिल रहा है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि ढाई साल में भाजपा सरकार के प्रति भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी सातवें आसमान पर पहुंच गई है। महंगी बिजली, बढ़ते अपराध, गली-गली बिकते नशीले पदार्थ, सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार, चंदा चोरी, पेपर लीक, लचर स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों में विफलता ने आम जनता के साथ-साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं को भी निराश कर दिया है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले सुशासन का सपना दिखाया था, लेकिन ढाई साल में प्रदेश को गुटबाजी, प्रशासनिक अराजकता और भ्रष्टाचार के हवाले कर दिया। जनता के काम नहीं हो रहे हैं और सत्ता के गलियारों में भाजपा के नेता एक-दूसरे की टांग खींचने में व्यस्त हैं।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा का चरित्र ही दगाबाजी और विश्वासघात का रहा है। इसीलिए प्रदेश में यह कहावत चरितार्थ हो रही है कि ऐसा कोई बचा नहीं, जिसे भाजपा ने ठगा नहीं। भाजपा के भीतर जो भगदड़ अभी दिखाई दे रही है, आने वाले दिनों में वह और तेज होगी।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी और अनुशासित पार्टी होने का दावा करने वाली भाजपा आज अपने ही नेताओं और कार्यकर्ताओं को संभालने में असफल है। भाजपा के अनुशासन के दावों की कलई खुल चुकी है और सरकार के सुशासन का ढोल भी जनता के सामने फट चुका है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा की अंदरूनी लड़ाई अब बंद कमरे की बात नहीं रही, वह सड़क से लेकर सत्ता के गलियारों तक दिखाई दे रही है। ढाई साल में ही भाजपा सरकार और संगठन की यह हालत है तो आगे प्रदेश की स्थिति क्या होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।










