रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र में लाखों रुपये के मोटर पार्ट्स गबन मामले में पुलिस ने कंपनी के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला रामा मोटोकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से जुड़ा है, जहां कर्मचारियों द्वारा करीब 6.82 लाख रुपये के मोटर पार्ट्स का गबन किया गया था।
पुलिस के अनुसार, कंपनी के मैनेजर अंकुर जिंदल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कंपनी में कार्यरत उत्कर्ष मंडल, हर्ष साहू, चेतन साहू, कुलदीपक साहू और लक्ष्मण साहू ने सितंबर 2025 से 12 अप्रैल 2026 के बीच कंपनी के मोटर पार्ट्स का गबन कर लिया। इस पर थाना खमतराई में अपराध दर्ज किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उत्कर्ष मंडल और कुलदीपक साहू को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने गबन करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5,000 रुपये नगद जब्त किए हैं। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।










