BREAKING

CG Crimeछत्तीसगढ़

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी खबर

CG Crime News । महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी खबर सामने आई है। ऐप के प्रमोटर और मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने सौरभ चंद्राकर की ट्रांजिट रिमांड मांगी है। वहीं, जांच एजेंसी ने उसका फर्जी पासपोर्ट भी जब्त किया है। दूसरी ओर, बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए सवाल खड़े किए हैं। दोनों पक्षों की दलीलों के बाद कोर्ट में लंच के बाद दोपहर ढाई बजे सुनवाई निर्धारित की गई है।

दरअसल, छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला सौरभ चंद्राकर महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का प्रमुख प्रमोटर है। कभी जूस की दुकान चलाने वाला सौरभ अपने साथी रवि उप्पल के साथ ऑनलाइन सट्टे के कारोबार से जुड़ा और बाद में दुबई में इस नेटवर्क का विस्तार किया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस कारोबार के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध कमाई और मनी लॉन्ड्रिंग की गई।

प्रवर्तन निदेशालय के आरोपों के मुताबिक, सट्टेबाजी से मिलने वाले पैसों को खपाने के लिए हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाता था। फरवरी 2023 में सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई शादी भी जांच के दायरे में आई थी। आरोप है कि इस आयोजन में करीब 200 करोड़ रुपये नकद खर्च किए गए थे। मेहमानों को लाने के लिए निजी विमान किराए पर लिए गए थे और आयोजन से जुड़ी कई सेवाओं का भुगतान हवाला के जरिए किया गया था।

इस मामले में अब तक कई राज्यों में एफआईआर दर्ज होने और बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, दिल्ली की अदालत में CBI ने सौरभ चंद्राकर की ट्रांजिट रिमांड की मांग की है। बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी के आधार पर सवाल उठाए हैं, जबकि CBI ने नए आदेश के तहत गिरफ्तारी किए जाने की दलील दी है। अब कोर्ट के फैसले पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं, महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर आने वाले फैसले पर छत्तीसगढ़ सहित देशभर की नजर बनी हुई है।

Related Posts