छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम भवतरा में हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। जमीन विवाद में एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी निवेदिता पाल और एएसपी उमेश कश्यप स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली।
दरअसल 14 मई की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भवतरा में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक मेदनीराम कश्यप के बेटे सोनसाय कश्यप और उसके पुत्र गोलू कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या करना कबूल कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोनसाय कश्यप वर्ष 2009 में अपने छोटे भाई की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है और करीब दो साल पहले जेल से रिहा होकर बाहर आया था। जेल से लौटने के बाद से ही उसका अपने पिता से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।











