BREAKING

छत्तीसगढ़

जनहित में सभापति प्रकाश सिन्हा की पहल रंग लाई, टूटी पुलिया की हुई अस्थायी मरम्मत

CG Mahasamund News : बसना। ग्राम अंकोरी से अंकोरी टांडा एवं बिरसिंगपाली को जोड़ने वाले मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया एवं जर्जर सड़क को लेकर उठाई गई आवाज का असर अब दिखाई देने लगा है। जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं अंकोरी क्षेत्र के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा द्वारा मामले को प्रमुखता से उठाए जाने एवं प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद खबर प्रकाशन के मात्र 48 घंटे के भीतर पुलिया की अस्थायी मरम्मत करा दी गई।

ज्ञात हो कि विगत दिनों प्रकाश सिन्हा ने मौके पर पहुंचकर जर्जर सड़क एवं टूटी पुलिया का निरीक्षण किया था। ग्रामीणों से चर्चा के दौरान दुर्घटना की आशंका एवं आवागमन में हो रही भारी परेशानी की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल जिला कलेक्टर महासमुंद एवं संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करते हुए मरम्मत, जांच एवं स्थायी समाधान की मांग की थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए क्षतिग्रस्त पुलिया की अस्थायी मरम्मत कर आवागमन सुचारु कराया गया। मुख्यमंत्री सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता श्री आशीष कुलदीप ने जानकारी देते हुए बताया कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल अस्थायी मरम्मत कार्य कराया गया है। साथ ही सड़क के पूर्ण नवीनीकरण एवं नवीन पुलिया निर्माण हेतु शासन को प्रस्ताव/डिमांड भी प्रेषित कर दी गई है।

इस त्वरित कार्यवाही पर सभापति प्रकाश सिन्हा ने जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा जनहित के मुद्दों पर शीघ्र संज्ञान लेने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही स्थायी समाधान के रूप में नई पुलिया एवं सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत होगा, जिससे ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

Related Posts