BREAKING

छत्तीसगढ़

शासन की योजनाओं का मिला लाभ, हितग्राहियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र एवं सामग्री

Bemetara News | शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पंचायत क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भीमभौरी में जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में भीमभौरी क्लस्टर के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं, मांगें एवं आवेदन लेकर पहुंचे। जनसमस्या निवारण शिविर आमजन के लिए उनकी लंबित समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी, संवेदनशील एवं भरोसेमंद मंच साबित हुआ। कार्यक्रम मे विधायक दीपेश साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। विधायक साहू ने शिविर में पहुंचकर स्वयं आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा विभागीय अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से किया जाए, ताकि लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर में आमजन की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 177 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में राजस्व, राशन कार्ड, पेंशन, आवास, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य एवं सामाजिक योजनाओं से जुड़े प्रकरण प्रमुख रूप से शामिल रहे। कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समयसीमा में निराकरण हेतु प्रेषित किया गया। अधिकारियों ने हितग्राहियों को आश्वस्त किया कि सभी आवेदनों पर गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाएगी। जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को शासन एवं प्रशासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली का सकारात्मक अनुभव प्राप्त हुआ।
इस दौरान विधायक साहू ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा मौके पर ही कई मामलों के निराकरण हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग के स्टॉल में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत साइंस मॉडलों का अवलोकन कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की।शिविर को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। यह केवल समस्याएं सुनने का मंच नहीं, बल्कि समाधान देने की शासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं बिना भेदभाव के पहुंचे।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को संवेदनशील और जवाबदेह बनाना शासन की प्राथमिकता है। हर आवेदन केवल एक कागज नहीं, बल्कि किसी नागरिक की अपेक्षा, अधिकार और विश्वास का प्रतीक है। इसलिए सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिकायत का समाधान गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। विधायक साहू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा एवं बुजुर्ग सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा किसी भी समस्या के लिए बिना संकोच प्रशासन से संपर्क करने की अपील की।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन का दायित्व है कि वे जनता के विश्वास पर खरे उतरें तथा उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करें।
स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए विधायक साहू ने कहा कि “स्वच्छ बेमेतरा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक भागीदारी से ही संभव है। यदि हम अपने घर, गली, मोहल्ले और गांव को स्वच्छ रखेंगे, तो पूरा क्षेत्र स्वच्छ और सुंदर बनेगा, जिससे हमारा जीवन स्तर और सोच दोनों सकारात्मक होंगे।”

विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से दी गई योजनाओं की जानकारी
शिविर में स्कूली शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन विभाग, पशुधन विकास, श्रम विभाग, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, लीड बैंक, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री सड़क योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

हितग्राहियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र एवं सामग्री
शिविर में मत्स्य पालन विभाग द्वारा मछुआ समितियों को जैविक दवा का वितरण किया गया, जिससे तालाबों में मछलियों के लिए प्राकृतिक भोजन उपलब्ध होगा और उत्पादन में वृद्धि होगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराते हुए आवास की चाबी सौंपी गई। नोनी सुरक्षा योजना के तहत बालिकाओं को एलआईसी बीमा बांड प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत खाताधारकों को पासबुक प्रदान की गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के हितग्राहियों को सम्मानित किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। आंगनबाड़ी परियोजना के अंतर्गत बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विधायक दीपेश साहू द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे सशक्त माध्यम है तथा निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। जनसमस्या निवारण शिविर ने न केवल आमजन की समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त किया, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को भी और अधिक मजबूत किया। यह शिविर सुशासन, जवाबदेही, पारदर्शिता एवं जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा। कार्यक्रम में श्री अवधेश सिंह चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, नगर पंचायत भीमभौरी के अध्यक्ष संदीप परगनिया, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Posts