BREAKING

छत्तीसगढ़

मात्र 8 माह में बनकर तैयार हुआ 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र, क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात – विधायक साहू

CG Bemetara News : (धमधा)। ग्राम माटरा में नवनिर्मित 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र का लोकार्पण आज लोकार्पण कार्यक्रम रखा गया था जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने किया l कार्यक्रम की शुरुआत समस्त अतिथियों द्वारा नवीन विद्युत सब स्टेशन का विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर किया गया।
लोकार्पण के अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि यह केवल एक विद्युत उपकेन्द्र का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, किसानों की समृद्धि और ग्रामीण जनजीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि लगभग 8 माह पूर्व इस विद्युत उपकेन्द्र का भूमिपूजन किया गया था और आज इतने कम समय में इसका निर्माण पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जा रहा है, जो विद्युत विभाग के अधिकारियों, अभियंताओं एवं निर्माण एजेंसियों की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।


अपने संबोधन में विधायक साहू ने कहा कि, “आज का दिन ग्राम माटरा सहित पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है। कुछ माह पहले जिस परियोजना का हमने भूमिपूजन किया था, वह आज मूर्त रूप लेकर जनता के सामने खड़ी है। सामान्यतः इस प्रकार की परियोजनाओं में लंबा समय लग जाता है, लेकिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निरंतर निगरानी, समन्वय और मेहनत से मात्र छह माह के भीतर इस महत्वपूर्ण कार्य को पूर्ण कर दिया। इसके लिए विद्युत विभाग के सभी अधिकारी, अभियंता और निर्माण कार्य से जुड़े सभी लोग बधाई के पात्र हैं।”
उन्होंने कहा कि, “गांवों के विकास का आधार मजबूत आधारभूत संरचना होती है। सड़क, पानी और बिजली जैसी सुविधाएं किसी भी क्षेत्र की प्रगति की रीढ़ होती हैं। यह नया 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार को कम करेगा, वोल्टेज की समस्या का समाधान करेगा तथा किसानों को सिंचाई के लिए अधिक सुगम और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराएगा। इससे घरेलू उपभोक्ताओं, छोटे व्यापारियों तथा ग्रामीण उद्योगों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।”


विधायक श्री साहू ने आगे कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को धरातल पर उतारने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। हमारी सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि समयबद्ध तरीके से योजनाओं को पूरा कर जनता को उसका लाभ पहुंचाने का कार्य करती है। माटरा का यह विद्युत उपकेन्द्र उसी सोच और संकल्प का परिणाम है।”
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार, अधोसंरचना विकास और किसानों के हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे ताकि गांवों तक विकास की रोशनी और अधिक मजबूती के साथ पहुंच सके।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से प्रेरित होकर जिला सबस्टेशन परिसर मे वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विधायक दीपेश साहू ने कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित वातावरण प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ उसके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।


कार्यक्रम मे छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू माननीया सरस्वती बंजारे जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्ग, डोमेन्द्र सिंह राजपुत अध्यक्ष भाजपा मंडल, बेरला मान. राजेश साहू सदस्य जनपद पंचायत, धमधा मान. डा. एन. के. तिवारी पूर्व अध्यक्ष जनपद पंचायत, धमधा विधायक प्रतिनिधि जिला पंचायत, दुर्ग मान. किसुन लाल साहू मान. उकेंद्र साहू – विधायक प्रतिनिधि जनपद पंचायत, धमधा मान. देवशरण साहू सरपंच ग्राम पंचायत, माटरा मान. खुमान साहू अध्यक्ष सेवा सहकारी समिति मर्या., माटरा थानेश्वर साहू संजू सिँह राजपूत,,सहित जनप्रतिनिधियों, विद्युत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। क्षेत्रवासियों ने विद्युत उपकेन्द्र के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Related Posts