BREAKING

छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन के लिए एनएचएम संघ ने लिखा पत्र

CG News: रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ ने प्रदेश के हजारों राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं दिनांक 13 जून 2026 को रायपुर इंडोर स्टेडियम में आयोजित एनएचएम कर्मचारी महासम्मेलन में माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की मांग की है।ज्ञात हो की इस संबंध में संघ के कार्यकारी अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे एवं प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने 30 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री के नाम पत्र प्रेषित कर घोषणाओं के अनुरूप आवश्यक आदेश जारी करने का अनुरोध किया है। महासम्मेलन में मुख्यमंत्री द्वारा 33 दिवसीय हड़ताल अवधि के वेतन भुगतान सहित कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई थीं, लेकिन अब तक आदेश जारी नहीं होने से प्रदेश के हजारों एनएचएम कर्मचारी प्रतीक्षा कर रहे हैं।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से छह मांगें रखी गई हैं—

1. मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 33 दिनों की हड़ताल अवधि के वेतन का भुगतान।

2. नवीन मानव संसाधन नीति (HR Policy) लागू करना।

3. पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करना।

4. कैशलेस चिकित्सा सुविधा या चिकित्सा परिचर्या नियम लागू करना।

5. ग्रेड-पे संबंधी मांग पर निर्णय लेना।

6. संवैतनिक चिकित्सा अवकाश की स्वीकृति जिला स्तर से सुनिश्चित करना।कार्यकारी अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे एवं प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने विशेष रूप से आग्रह किया है कि

दीपावली से पूर्व 33 दिवसीय हड़ताल अवधि के वेतन भुगतान का आदेश जारी किया जाए, ताकि प्रदेश के हजारों एनएचएम कर्मचारी अपने परिवार के साथ दीपावली का त्योहार खुशी और उत्साह के साथ मना सकें।पदाधिकारियों ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन में उनकी अहम भूमिका है। ऐसे में कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों एवं मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर सकारात्मक निर्णय लिया जाना आवश्यक है।संघ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी से कर्मचारियों की समस्याओं पर संवेदनशीलतापूर्वक विचार कर घोषणाओं के अनुरूप आवश्यक आदेश जारी करने की अपील की है। संघ को विश्वास है कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हित में सकारात्मक पहल करेगी।

Related Posts