रायपुर। राजधानी रायपुर की टिकरापारा थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.226 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 5 लाख 12 हजार 300 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव मैदान बस स्टैंड के पास कुछ लोग गांजा लेकर बिक्री की फिराक में खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर टिकरापारा थाना पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान कपिल कटारिया (हरियाणा), महेश दुबे (प्रयागराज, उत्तर प्रदेश) और नीरज शर्मा (अलीगढ़, उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके तीन बैगों से कुल 10.226 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 620/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।









