Bemetara News : (Newxpress) | बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गांगपुर में नवीन सेवा सहकारी समिति मर्यादित (पंजीयन क्रमांक 488) का विधिवत लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और भगवान बलराम की पूजा अर्चना कर फीता काटकर समिति का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर से वर्चुअल माध्यम से जुड़े और प्रदेशभर में नवगठित सेवा सहकारी समितियों का एक साथ लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न मंत्रीगण एवं विधायकगण भी वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में कुल 515 नवीन सेवा सहकारी समितियों का गठन किया गया है, जिसमें बेमेतरा जिले में 36 एवं बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र में 12 नवीन समिति केंद्र स्थापित किए गए हैं।
इस दौरान विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार किसानों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ होती हैं और इनके माध्यम से किसानों को एक ही स्थान पर अनेक सुविधाएं उपलब्ध हो पाती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इन नवीन सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), खाद-बीज वितरण, कीटनाशक, गौ पालन, कुक्कुट पालन एवं अन्य पशुपालन योजनाओं का लाभ सहजता से मिलेगा। इससे किसानों की लागत कम होगी और उत्पादन में वृद्धि होगी, जिससे उनकी आय में भी बढ़ोतरी सुनिश्चित होगी।
विधायक श्री साहू ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न किसान हितैषी योजनाएं—जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रीकरण, सिंचाई योजनाएं एवं पशुपालन प्रोत्साहन योजनाएं—आज किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। सरकार का उद्देश्य है कि हर किसान को योजनाओं का सीधा लाभ मिले और वह आर्थिक रूप से सशक्त बन सके।
उन्होंने कहा कि गांगपुर में स्थापित यह नवीन सेवा सहकारी समिति न केवल गांगपुर बल्कि बहुनवागांव, सिरवाबांधा के किसानों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। इससे किसानों को अपनी आवश्यक कृषि सामग्री एवं सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी।
विधायक दीपेश साहू ने उपस्थित किसानों एवं ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे इन समितियों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास और किसानों की समृद्धि के लिए हर संभव प्रयास लगातार किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री साहू ने सभी क्षेत्रवासियों, समिति सदस्यों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही विकास कार्यों को गति मिलती है और बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र को विकास के नए आयाम तक पहुंचाना हमारा संकल्प है।
इस दौरान विधायक साहू ग्राम वासियों की मांग पर ग्राम गांगपुर में एक सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की l
इस अवसर पर ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष गजानंद साहू, पूर्व मण्डल अध्यक्ष छोटू राम साहू सोसायटी अध्यक्ष लव कुमार दोहाई वर्मा तेजराम वर्मा भागी राम साहू टोप सिँह टंडन विद्या सिँह ठाकुर राजा वर्मा मुरलीधर वर्मा अर्जुन यदु छन्नू साहू सहित जनप्रतिनिधिगण समस्त सेवा सहकारी समिति के अधिकारी कर्मचारी प्राधिकृत अध्यक्षगण आसपास गांव के किसान साथीगण उपस्थित रहे l










