Bemetra News : (Newsxpress) | शहर की बदहाल स्वच्छता व्यवस्था, जगह-जगह फैली गंदगी, कचरे के ढेर, जाम नालियों एवं पेयजल की समस्या को लेकर आज बेमेतरा विधायक दीपेश साहू पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने आज सुबह सुबह नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
इस दौरान बाजार पारा, वार्ड क्रमांक 18, वार्ड क्रमांक 17 एवं गौरव पथ रोड , वार्ड क्रमांक 16 में पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जो स्थिति सामने आई, उसने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
कई स्थानों पर कचरे के बड़े-बड़े ढेर जमा मिले, नालियां जाम होकर बदबू फैला रही थीं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पेयजल आपूर्ति की स्थिति भी कई जगहों पर अव्यवस्थित पाई गई, जिससे आम नागरिकों में नाराजगी स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
इन सब स्थितियों को देखकर विधायक दीपेश साहू ने मौके पर ही नाराजगी जताते हुए नगर पालिका के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सख्त लहजे में कहा—शहर की यह स्थिति बिल्कुल अस्वीकार्य है। जनता हमें विकास और सुविधा के लिए चुनती है, लेकिन यदि उन्हें गंदगी, जाम नालियों और पेयजल संकट जैसी समस्याओं से जूझना पड़े, तो यह सीधे-सीधे जिम्मेदारों की लापरवाही है। अब यह लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तत्काल प्रभाव से सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, कचरे के ढेरों को हटाकर नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए, जाम नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए एवं पेयजल आपूर्ति को व्यवस्थित कर नागरिकों को राहत पहुंचाई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखनी चाहिए। नियमित मॉनिटरिंग की जाए और हर वार्ड में साफ-सफाई की जिम्मेदारी तय की जाए। यदि भविष्य में किसी भी वार्ड में ऐसी स्थिति दोबारा पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने वार्ड पार्षदों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा की और उन्हें निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें, जनता से संवाद बनाकर रखें और समस्याओं की सूचना तुरंत संबंधित विभाग तक पहुंचाएं, ताकि त्वरित समाधान हो सके।
विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा—
“हमारा उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है। स्वच्छता एक मूलभूत आवश्यकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी, तभी हम एक बेहतर शहर का निर्माण कर पाएंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाना होगा, समयबद्ध तरीके से कार्यों का निष्पादन करना होगा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा। साथ ही, सफाई व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक संसाधनों का भी सही उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
शहरवासियों से भावनात्मक अपील करते हुए विधायक ने कहा—
“स्वच्छ शहर केवल सरकार या नगर पालिका के प्रयासों से नहीं बनता, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। मैं बेमेतरा के सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने में सहयोग करें। कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, नालियों में कचरा न फेंकें और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें। यदि हम सब मिलकर प्रयास करेंगे, तो निश्चित रूप से बेमेतरा को एक आदर्श स्वच्छ और सुंदर शहर बना सकते हैं।”
अंत में विधायक ने दोहराया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर लगातार निरीक्षण और मॉनिटरिंग की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान पार्षद पंचू साहू गौरव साहू विकाश तम्बोली नीतू कोठारी लक्की साहू आकिब मलकानी सिमरन ताम्रकार रवि मुलवानी सजनी यादव राजकुमार खांडे खिलेश्वरी शिव पाटिल शहर मण्डल अध्यक्ष युगल देवांगन सोसायटी अध्यक्ष दोहाई लाल वर्मा भानूराम साहू लच्छन वर्मा देवराम साहू राजीव तम्बोली सहित जनप्रतिनिधिगण नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे l










