CG Korba News (Newsxpress) | छुरी : समग्र ब्राह्मण समाज की महिलाओं को संगठित करने के उद्देश्य से “समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद्” के गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक छुरी में श्रीमती कालिंदी उपाध्याय के निवास में गुरुवार 16 अप्रैल को आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की अनेक महिलाओं और समाज के वरिष्ठजनों ने भाग लिया।
समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् छत्तीसगढ़ की प्रदेश संगठन विस्तार प्रमुख उमा शुक्ला ने बैठक की जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि बैठक की शुरुआत भगवान परशुराम जी के विधिवत पूजन और मंगलाचरण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित ब्राह्मण समाज की बहनों ने मातृशक्ति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के विकास और संस्कारों के संरक्षण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। परिषद् का मुख्य उद्देश्य समाज की महिलाओं को एक मंच पर लाकर शिक्षा, संस्कार, सामाजिक सहयोग और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना रहेगा।
बैठक के दौरान परिषद् के प्रारंभिक स्वरूप पर चर्चा की गई और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए। उपस्थित महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपने विचार रखे और परिषद् के गठन का समर्थन किया। साथ ही, यह निर्णय लिया गया कि जल्द ही एक विस्तृत कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न पदों पर जिम्मेदार व्यक्तियों की नियुक्ति की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
इस अवसर पर अदिति शुक्ला, मधु बाजपेयी, संक्रांति पाठक, दमयन्ती द्विवेदी, रीवा दुबे, संध्या पांडेय, श्रीमती राशि शुक्ला, पूजा मिश्रा, ममता शुक्ला, रोहिणी पाठक, सीमा दुबे, नीलम पांडेय, अलिंदी पांडेय, सविता पांडेय सहित छुरी निवासी अनेक स्वजन बहनें उपस्थित थीं










