सिलतरा। शारडा एनर्जी एंड पावर लिमिटेड, सिलतरा में साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा को लेकर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कर्मचारियों, उनके परिवारों और आमजन को साइबर अपराध, बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा, AI और Deepfake जैसे बढ़ते डिजिटल खतरों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर श्री अभिषेक झा और उप पुलिस अधीक्षक माना श्री लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान थाना प्रभारी सिलतरा श्री राजेन्द्र सिंह कँवर सहित थाना सिलतरा का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। कंपनी की ओर से Unit Head Manoj Shah, Amit Mishra और Vivek Chowdhary सहित अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में करीब 75–80 लोगों ने ऑफलाइन और लगभग 100 लोगों ने ऑनलाइन सहभागिता की।
बच्चों की डिजिटल सुरक्षा पर विशेष जोर
थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह कँवर ने बच्चों और किशोरों के बढ़ते डिजिटल एक्सपोजर को लेकर अभिभावकों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को सिर्फ मोबाइल से दूर रखना समाधान नहीं है, बल्कि उनके साथ दोस्त की तरह संवाद कर उनकी ऑनलाइन गतिविधियों और डिजिटल दुनिया को समझना जरूरी है।
उन्होंने साइबर अपराधियों द्वारा बच्चों को सोशल मीडिया के माध्यम से निशाना बनाने और चैटिंग, वीडियो कॉल या निजी फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने जैसी घटनाओं के बारे में जानकारी दी। ऐसी घटनाओं को Sextortion के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि बच्चा किसी ऑनलाइन अपराध का शिकार हो जाए तो उसे डांटने या डराने के बजाय उसका साथ दें।
AI और Deepfake को लेकर किया सावधान
कार्यक्रम में AI और Deepfake तकनीक के संभावित दुरुपयोग की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि किसी व्यक्ति की फोटो, आवाज या वीडियो का इस्तेमाल कर फर्जी सामग्री तैयार की जा सकती है। इसलिए बच्चों और युवाओं को निजी फोटो, वीडियो, पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन साझा करते समय सावधानी बरतने की जरूरत है।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर Like, Comment, Followers और Online Trolling से बनने वाले मानसिक दबाव को लेकर भी युवाओं को जागरूक किया। साथ ही अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क, संदिग्ध लिंक, अनजान वीडियो कॉल और निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर सूचना देने और cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
उप पुलिस अधीक्षक माना श्री लम्बोदर पटेल ने कहा कि बच्चों को इंटरनेट से पूरी तरह अलग करना संभव नहीं है, इसलिए उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से इंटरनेट का इस्तेमाल करना सिखाना अभिभावकों और समाज की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई। पुलिस ने प्रतिभागियों के सवालों के जवाब देते हुए ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी अफवाहों से बचने की सलाह दी। कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी को गंभीरता से सुना और अपने परिवार एवं बच्चों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
थाना सिलतरा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम और डिजिटल सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।










