रायपुर : CG News। छत्तीसगढ़ प्रदेश तीरंदाजी संघ द्वारा मिनी सब-जूनियर महान धनुर्धर गुरु गोविंद राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 29 नवंबर 2026 को रायपुर में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों से लगभग 250 खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल अधिकारी शामिल होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कई प्रतिभाशाली तीरंदाज राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी आगामी 16वीं NTPC मिनी नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप, जो 25 दिसंबर 2026 से 3 जनवरी 2027 तक अमरावती, आंध्र प्रदेश में आयोजित होगी, में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह शाम 4:00 बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री माननीय श्री महेश गागड़ा जी एवं नगर निगम सभापति श्री सूर्यकांत राठौर जी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी रुस्तम सारंग, प्रवेश जोशी, संघ के महासचिव आयुष मुरारका सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहेंगे। छत्तीसगढ़ के इन उभरते हुए युवा तीरंदाजों से प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन एवं पदक जीतने की उम्मीद है। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान कर छत्तीसगढ़ को तीरंदाजी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।










