BREAKING

छत्तीसगढ़

नगर निगम चुनाव से पहले रायपुर पुलिस का विशेष अभियान, किरायेदारों का सघन सत्यापन

CG Khabar : रायपुर । आगामी नगर निगम चुनाव को देखते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने उत्तर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में किरायेदारों का सघन सत्यापन और चेकिंग की गई। साथ ही मकान मालिकों को भी किरायेदारों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक समझाइश दी गई।

पुलिस उपायुक्त उत्तर क्षेत्र दीपमाला कश्यप के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पाण्डेय के नेतृत्व में 18 नवंबर को उत्तर क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में विशेष पुलिस टीमों ने अभियान चलाया। इस दौरान उरला थाना क्षेत्र के आजाद चौक एवं गाजी नगर बीरगांव, गुढ़ियारी के अशोक नगर एवं विकास नगर, खमतराई के उरकुरा, पंडरी के पीएम आवास दलदल सिवनी तथा खम्हारडीह के विजय नगर में रहने वाले किरायेदारों का सत्यापन किया गया।

अभियान के तहत अन्य राज्यों और जिलों से रायपुर आकर रह रहे किरायेदारों की पहचान, वर्तमान पता, पहचान संबंधी दस्तावेज समेत अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच की गई। पुलिस ने मकान मालिकों को निर्देशित किया कि वे अपने किरायेदारों की पूरी जानकारी संबंधित थाने में उपलब्ध कराएं और बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार न रखें।पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए इस तरह के सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले मकान मालिकों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts