रायपुर, लायंस क्लब रायपुर शिखर द्वारा रक्षाबंधन के पावन अवसर पर “एक धागा विश्वास, सुरक्षा और स्नेह के नाम” थीम पर विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब ने बाल आश्रम कचहरी चौक, पुलिस लाइन रायपुर एवं 3rd बटालियन CAF, महादेवघाट रोड अमलेश्वर, दुर्ग में रक्षाबंधन पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
इस दौरान लगभग 1500 राखियां बांधी गईं। बाल आश्रम में बच्चों के साथ-साथ वृक्षों को भी राखी बांधकर उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति प्रेम का सुंदर संदेश दिया गया।
वहीं पुलिस लाइन रायपुर एवं 3rd बटालियन CAF के जवानों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान, कृतज्ञता और भाईचारे की भावना व्यक्त की गई। कार्यक्रम ने प्रेम, सुरक्षा, सेवा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को एक साथ जोड़ते हुए रक्षाबंधन पर्व को और अधिक सार्थक बनाया।
कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यक्रम प्रभारी लायन मीता चतवानी एवं लायन रश्मि अग्रवाल सहित सभी सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। रीजन चेयरपर्सन लायन रेणु गुप्ता, जोन चेयरपर्सन लायन मीनाक्षी, चार्टर अध्यक्ष लायन सरोज पांडे सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग से आयोजन सफल एवं यादगार रहा।
“रिश्तों की रक्षा के साथ, प्रकृति की रक्षा का भी लिया संकल्प।”










