रायपुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रायपुर में आयोजित होने जा रहे “पत्रकारिता मार्तण्ड उत्सव” की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में उत्सव के पोस्टर का विमोचन किया और आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। रायपुर प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा को सम्मान देने और लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम 30 मई को आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश और देश के वरिष्ठ पत्रकार, संपादक, मीडिया विशेषज्ञ और साहित्यकार शामिल होंगे।
प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी के अनुसार, आयोजन के दौरान पत्रकार सम्मान, विचार गोष्ठी, विशेष व्याख्यान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। यह मंच पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर गंभीर चर्चा का अवसर भी प्रदान करेगा।
इस दौरान मीडिया सलाहकार आर. कृष्णा दास, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जागड़े सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने आयोजन को पत्रकारिता के लिए प्रेरणादायक बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।











