CG Khabar : (Newsxpress) | रायपुर. छत्तीसगढ़ में गर्मी अब तेज़ तेवर दिखाने लगी है। दिनभर चल रही गर्म हवाओं से लोग परेशान हैं और फिलहाल राहत मिलने के आसार भी कम नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ और अगले दो दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी दी है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 21 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक, एक द्रोणीका उत्तर बिहार से दक्षिण छत्तीसगढ़ होते हुए झारखंड और अंदरूनी ओडिशा तक फैली हुई है। वहीं उत्तर तटीय ओडिशा के आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा अंदरूनी महाराष्ट्र और उससे लगे तेलंगाना क्षेत्र में प्रति चक्रवात सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से 18 अप्रैल को प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के मध्य भाग में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है, जबकि बस्तर संभाग के दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक की संभावना है।










