रायपुर ;श्री चैतन्या टेक्नो स्कूल, शाखा-3 सरोना में विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की रुचि और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य “साइंस एक्सपो सेलिब्रेशन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक एवं उपयोगी मॉडल तथा प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
साइंस एक्सपो में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा, रोबोटिक्स, स्मार्ट सिटी, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और वैज्ञानिक प्रयोगों से संबंधित मॉडल प्रदर्शित किए। बच्चों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली और उपयोगिता को आत्मविश्वास के साथ समझाया, जिसे उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों ने सराहा। प्रदर्शनी में नवाचार, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एजीएम विद्यासागर आर, आई. कट्टा साई कुमार, प्राचार्या मंजुला मैडम एवं टाइटस पिल्लई मैडम ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में तार्किक सोच, अनुसंधान की भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए बधाई दी और भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय सहभागिता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। अंत में उत्कृष्ट मॉडलों का चयन कर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साइंस एक्सपो का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम ने यह सिद्ध कर दिया कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं।










