BREAKING

छत्तीसगढ़

35 वर्ष से वकालत करने वाले वरिष्ठ और ग्रीष्मकालीन प्रतियोगिता में विजेता अधिवक्ताओं का चीफ जस्टिस ने किया सम्मान_Newsxpress

CG NEWS | रायपुर, छत्तीसगढ़, दिनांक 20/12/2025 जिला अधिवक्ता संघ रायपुर द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित लॉ डिनर एवं सम्मान समारोह का इस वर्ष भी गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सैकड़ों अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। स्वागत भाषण में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री हितेंद्र तिवारी ने संघ के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए मुख्य न्यायाधीश के सान्निध्य को सम्मान का क्षण बताया।

मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा ने अधिवक्ताओं की लोक अदालतों में लंबित मामलों के निपटारे में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने रायपुर अधिवक्ता संघ द्वारा अधिवक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए बड़े अस्पतालों के साथ एमओयू कर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के प्रयासों को प्रशंसनीय बताया।

न्यायिक बुनियादी ढांचे पर अपने उदगार में मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि प्रदेश भर के न्यायालय भवनों के निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है और राजधानी रायपुर के जिला न्यायालय में सभी आधुनिक सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश महोदय ने जिला न्यायालय रायपुर में 35 वर्ष से अधिक समय तक सेवाएं देने वाले 30 वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं ग्रीष्मकालीन विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता अधिवक्ताओं को सम्मानित किया।

अध्यक्ष श्री तिवारी ने अपने संबोधन में रायपुर बार में लगभग चार हजार पंजीकृत अधिवक्ताओं के लिए बैठक व्यवस्था एवं पार्किंग की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए इसके समाधान की आशा जताई।

कार्यक्रम का समापन लॉ डिनर एवं संगीतमय संध्या के साथ हुआ, जहाँ अधिवक्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर एक-दूसरे को बधाई दी।कार्यक्रम का संचालन ज़िला अधिवक्ता संघ के सचिव अधिवक्ता अरुण मिश्रा ने और आभार प्रदर्शन ज़िला अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष अधिवक्ता किशोर ताम्रकार ने किया।

Related Posts