BREAKING

छत्तीसगढ़

26वीं जूनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता संपन्न 20 जिलों के 350 तीरंदाज, कोच, मैनेजर एवं ऑफिशियल हुए शामिल

CG News रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन द्वारा आयोजित 26वीं जूनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन आज साइंस कॉलेज मैदान, रायपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 20 जिलों से लगभग 350 तीरंदाज, कोच, मैनेजर एवं तकनीकी अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।राज्य तीरंदाजी संघ के महासचिव आयुष मुरारका ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित तीरंदाज आगामी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता, जो 21 से 28 अक्टूबर 2026 तक जयपुर में आयोजित होगी, में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रशिक्षण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री बसंत अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर श्री अमिताभ दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री कैलाश मुरारका ने प्रदेश के तीरंदाजों की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि कोरबा के प्रतिभावान तीरंदाज गीतेश यादव का चयन तुर्की में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की खिलाड़ी पद्मा साहू, चांदनी साहू एवं दक्षा नेशनल गेम्स में पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा चुकी हैं।श्री कैलाश मुरारका ने कहा कि छत्तीसगढ़ में तीरंदाजी खेल लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने से प्रदेश के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन लगातार मजबूत हो रहा है।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रमुख कोच एवं पदाधिकारियों दुर्गेश नंदनी, अवन कुमार, उमेश बघेल, हीरू साहू, इतवारी राज, राजेंद्र देवांगन, दुर्गेश प्रताप, श्रद्धा, कलावती, प्रभु पोर्ते सहित अन्य पदाधिकारियों एवं तकनीकी अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों, कोचों, मैनेजरों, ऑफिशियल्स एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

Related Posts