BREAKING

छत्तीसगढ़

राधा बाई नवीन कन्या महाविद्यालय में गरबा प्रतियोगिता का आयोजन, छात्राओं ने डांडिया की धुन पर बिखेरा उत्साह

CG Khabar : रायपुर। डॉ. राधा बाई नवीन कन्या महाविद्यालय, रायपुर में छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति रुचि जागृत करने के उद्देश्य से गरबा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार जोशी के उद्बोधन से कार्यक्रम को गति मिली। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर भक्तिमय गीतों, गरबा की मधुर धुनों और उत्साहपूर्ण वातावरण से सराबोर नजर आया।प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी छात्राओं ने गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। सामूहिक नृत्य, लयबद्ध तालमेल और उमंग से भरपूर प्रस्तुतियों ने उपस्थित प्राध्यापिकाओं एवं दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में भारतीय सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली।प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार जोशी ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया तथा भारतीय लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में ऐसे आयोजनों की महत्ता पर प्रकाश डाला।गरबा समूह नृत्य प्रतियोगिता में एमएससी बॉटनी की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एमएससी गणित की छात्राएं द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं, एमएससी जूलॉजी एवं पीजीडीसीए की छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. दीप्ति झा, रेबेका बेन एवं डॉ. श्वेता बोहरा शामिल रहीं। निर्णायकों ने छात्राओं की प्रस्तुतियों, सामूहिक तालमेल, नृत्य कौशल और उत्साह का मूल्यांकन किया।प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को अपनी कला, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिरुचि प्रदर्शित करने का अवसर मिला। ऐसे आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग की भावना और सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम के सफल आयोजन में सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समिति की संयोजक डॉ. निधि गुप्ता तथा समिति की सदस्य डॉ. सीमा प्रधान, डॉ. श्वेता अग्निवंशी, डॉ. श्रद्धा मिश्रा एवं नयनी टांडी का उल्लेखनीय योगदान रहा। इस अवसर पर डॉ. प्रीति श्रीवास्तव, डॉ. दीप्ति झा, डॉ. रूपा सलहोत्रा, डॉ. नम्रता शर्मा, डॉ. ज्योति मिश्रा, डॉ. कंचन गिलहरे एवं रिंकी गुप्ता सहित अन्य प्राध्यापिकाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।गरबा प्रतियोगिता ने महाविद्यालय के वातावरण को उल्लास और पारंपरिक रंगों से भर दिया। यह आयोजन न केवल छात्राओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान, सांस्कृतिक चेतना, सामूहिक सहभागिता और आपसी सौहार्द की भावना को भी सुदृढ़ करने वाला रहा।

4

Related Posts