BREAKING

CG Crime

रायपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपियों से 2 बटनदार धारदार चाकू जब्त; वारदात से पहले दबोचा

रायपुर। राजधानी रायपुर में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर घूमने और आम लोगों में भय का माहौल पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आजाद चौक थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 02 नग बटनदार धारदार चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 27 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक हथियार लेकर आमातालाब गार्डन के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और टिकेन्द्र साहू उर्फ टेसू (22 वर्ष), निवासी आजाद चौक को हथियार सहित पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक बटनदार धारदार चाकू बरामद किया गया।

मामले में आजाद चौक थाना में अपराध क्रमांक 197/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।

मोबाइल फोटो से दूसरे आरोपी तक पहुंची पुलिस

पहले आरोपी से पूछताछ के साथ पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की तकनीकी जांच की। इस दौरान पुलिस को एक ऐसे व्यक्ति की फोटो मिली, जिसके हाथ में चाकू दिखाई दे रहा था। पुलिस ने फोटो के आधार पर उसकी पहचान और पतासाजी शुरू की।

जांच के बाद पुलिस ने डगेश्वर कुर्रे उर्फ हेमू (29 वर्ष), निवासी मुजगहन को भी घटना से पहले ही ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से भी एक बटनदार धारदार चाकू बरामद हुआ। इस मामले में अपराध क्रमांक 198/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

वारदात से पहले पुलिस ने रोका संभावित खतरा

पुलिस की इस कार्रवाई से दोनों आरोपियों को हथियारों का इस्तेमाल कर किसी संभावित वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिया गया। पुलिस का कहना है कि तत्काल स्पॉट रिस्पॉन्स और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के जरिए दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

आजाद चौक थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर घूमने और आमजन में भय फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

सभी प्रकार की विज्ञापन के लिए हमें इस नंबर 👉7415454656,पर संपर्क करें

Related Posts