आरंग। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आरंग में जिला स्तरीय समरसता संकल्प कलश वंदन अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव और कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के साथ शामिल होकर संत रविदास जी को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास जी, भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद समरसता संकल्प कलश का वंदन कर सामाजिक एकता और भाईचारे का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर नवीन अग्रवाल ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समानता, सामाजिक एकता और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने समाज को जाति-पंथ और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को समान सम्मान देने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने संत रविदास जी की प्रसिद्ध पंक्तियां “ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न…” का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका सपना ऐसे समाज का था, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो और हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिले।
कार्यक्रम में रायपुर जिला भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष श्याम नारंग सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।







