रायपुर। छत्तीसगढ़ स्वच्छता निरीक्षक संघ के पदाधिकारियों और प्रशिक्षित डिप्लोमाधारी स्वच्छता निरीक्षक अभ्यर्थियों ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात की। उन्होंने नगर निगमों और नगर पालिकाओं में खाली पड़े स्वच्छता निरीक्षक के पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
संघ ने बताया कि वर्ष 2018 में 54 पदों पर भर्ती हुई थी। इसके बाद पिछले 6-7 वर्षों से कई पद खाली हैं। वर्तमान में सफाई का काम अधिकतर एजेंसियों और ठेकेदारों के माध्यम से कराया जा रहा है। इन कामों की सही तरीके से निगरानी और जांच के लिए प्रशिक्षित स्वच्छता निरीक्षकों की जरूरत है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने संघ की मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
संघ के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री की पहल का स्वागत किया और जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद जताई।
इस दौरान संघ के अध्यक्ष सुखीराम पटेल, उपाध्यक्ष नेमचंद बंजारे, सचिव बिशेसर जोगी सहित अन्य पदाधिकारी और प्रशिक्षित डिप्लोमाधारी सदस्य मौजूद रहे।







