BREAKING

छत्तीसगढ़

गिरौदपुरी धाम में बंदरों ने लगाई आग, दर्जनभर दुकानें जलकर खाक

Balodabazar News : (Newsxpress) | छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गिरौदपुरी धाम में आग लगने से हड़कंप मच गया। इस भीषण हादसे में करीब 10 से 12 दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना की वजह बंदरों की उछल-कूद बताई जा रही है। ट्रांसफार्मर पर कूदने-फांदने के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और निकली चिंगारी ने पास की झोपड़ीनुमा दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने मिलकर पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की।

करीब एक घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक अधिकांश दुकानें जल चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना आग मंदिर मार्ग से होते हुए मुख्य परिसर तक पहुंच सकती थी। गौरतलब है कि बाबा गुरू घासीदास के मंदिर जाने वाले मार्ग पर कई छोटे दुकानदार वर्षों से झोपड़ीनुमा दुकानों में अपना व्यवसाय करते हैं।

 इस घटना ने उनकी रोजी-रोटी पर बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदारों को मुआवजा देने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Posts