Raipur News : छत्तीसगढ़। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे आम जनता के साथ सीधा अन्याय बताया है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की मूल्य वृद्धि का सीधा असर गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी एवं परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों पर पड़ता है। ईंधन की कीमत बढ़ने से केवल वाहन चलाना ही महंगा नहीं होता, बल्कि इसका प्रभाव रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं, खाद्य सामग्री, सब्जियों, दवाइयों तथा परिवहन सेवाओं पर भी पड़ता है। परिणामस्वरूप महंगाई बढ़ती है और आम जनता का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ जाता है।
अधिवक्ता भगवानू नायक ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में जनता पहले से ही बेरोजगारी, आर्थिक संकट और बढ़ती महंगाई से जूझ रही है। ऐसे समय में पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि करना जनविरोधी निर्णय है। सरकार को चाहिए कि वह तत्काल प्रभाव से पेट्रोल और डीजल पर लगाए गए अतिरिक्त करों एवं वैट में कमी करे, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने आगे कहा कि यदि समय रहते सरकार ने कड़े और जनहितकारी कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में महंगाई और अधिक बढ़ेगी तथा इसका सबसे बड़ा दुष्प्रभाव गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ेगा। सरकार को जनता की पीड़ा समझते हुए राहत पैकेज एवं मूल्य नियंत्रण की दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए।
भगवानू नायक ने मांग की है कि राज्य एवं केंद्र सरकार तत्काल समन्वय बनाकर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी करे तथा आम जनता को महंगाई की मार से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए।











