CG News | भारतीय किसान संघ, स/लोहारा द्वारा किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) लोहारा कार्यालय का घेराव किया गया तथा शासन-प्रशासन को तीन महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे गए।
संघ ने आरोप लगाया कि सुतियापाट नहर विस्तार कार्य को लेकर प्रशासन द्वारा अत्यंत सुस्त रवैया अपनाया जा रहा है तथा कार्य को लगातार लटकाने और भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। कई वर्षों से अधूरा पड़ा यह नहर विस्तार कार्य किसानों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ है, जिसके कारण क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
भारतीय किसान संघ ने मांग की है कि सुतियापाट नहर का निर्माण कार्य 20 मई तक पूर्ण किया जाए तथा 15 जून तक किसानों के खेतों में सिंचाई हेतु पानी छोड़ा जाए।
दूसरे ज्ञापन में प्रधानमंत्री आशा योजना के अंतर्गत दलहन एवं तिलहन खरीदी व्यवस्था की बदहाली पर नाराजगी जताई गई। संघ ने बताया कि लोहारा क्षेत्र में 12 समितियों में खरीदी केंद्र प्रस्तावित होने के बावजूद अब तक केवल एक-दो स्थानों पर ही खरीदी शुरू हो पाई है। कई केंद्रों में स्लॉट बुकिंग एवं ई-स्टैक पंजीयन पोर्टल तक प्रारंभ नहीं किए गए हैं, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीसरे ज्ञापन में सहकारी समितियों के माध्यम से खाद वितरण में हो रही अनियमितताओं और कालाबाजारी का मुद्दा उठाया गया। संघ ने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर डीएपी, यूरिया एवं अन्य आवश्यक खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जबकि निजी दुकानों में अधिक दामों पर खाद बेची जा रही है। संगठन ने मांग की कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराया जाए तथा खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाई जाए।
घेराव के दौरान उपस्थित किसानों ने एसडीएम लोहारा से यह भी मांग की कि तहसील में राजस्व संबंधी कार्यों हेतु स्पष्ट रेट कार्ड लगाया जाए। किसानों का आरोप है कि राजस्व विभाग में पटवारियों की रिश्वतखोरी चरम पर है तथा बिना रिश्वत लिए किसानों के कार्य नहीं किए जा रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है।
भारतीय किसान संघ, स/लोहारा जिला कबीरधाम ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 25 मई को चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
संघ ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
घेराव के दौरान प्रदेश महिला प्रमुख अदिति कश्यप, प्रचार प्रभारी संजय साहू, जिलाध्यक्ष डोमन चंद्रवंशी, जिला मंत्री जीवन यादव, उपाध्यक्ष दिनेश चंद्रवंशी, तहसील अध्यक्ष मूलचंद साहू, अरविन्द शर्मा, विजय साहू, शिवकुमार वर्मा, महिला प्रमुख द्रोपदी वर्मा, परस वर्मा,गोपी साहू,एवं अन्य कार्यकर्ताओ के साथ बड़ी संख्या मे किसान उपस्थित रहे।











