Raipur News | छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा विधानसभा में पेश किए गए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर रायपुर ग्रामीण युवा कांग्रेस के जिला महामंत्री कमलेश भारती ने बेहद तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस बजट को छत्तीसगढ़ के भविष्य के साथ किया गया एक “भयानक मजाक” और “आंकड़ों की बाजीगरी” करार दिया है।
युवा नेता कमलेश भारती के तीखे प्रहार:
बेरोजगारों के घावों पर नमक: कमलेश भारती ने कहा कि 1.72 लाख करोड़ के इस भारी-भरकम बजट में प्रदेश के लाखों शिक्षित बेरोजगारों के लिए ‘शून्य’ स्थान है। रिक्त पड़े सरकारी पदों को भरने के लिए कोई कार्ययोजना न होना यह दर्शाता है कि सरकार युवाओं को रोजगार देने की मंशा नहीं रखती।
महंगी शिक्षा, मौन सरकार: उच्च शिक्षा की बदहाली और छात्रवृत्ति (Scholarship) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बजट की चुप्पी यह साफ करती है कि भाजपा सरकार युवाओं को शिक्षा के अधिकार से वंचित कर उन्हें उनके हाल पर छोड़ चुकी है।
किसानों के साथ वादाखिलाफी: आय दोगुनी करने का सब्जबाग दिखाकर सत्ता में आई भाजपा अब बजट के माध्यम से किसानों का गला घोंटने पर आमादा है। अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लिए यह बजट केवल कागजी आश्वासनों का पुलिंदा है।
“लॉलीपॉप” की राजनीति: कमलेश भारती ने तंज कसते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश की जनता को थमाया गया एक ‘लॉलीपॉप’ है, जिसके पीछे सरकार अपनी विफलताओं, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी को छिपाने का प्रयास कर रही है।
चेतावनी:
कमलेश भारती ने दो टूक शब्दों में सरकार को आगाह किया कि— “छत्तीसगढ़ का युवा अब जाग चुका है और वह इस साज़िश को बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि युवाओं और किसानों के हक में तत्काल सुधार नहीं किए गए, तो युवा कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक ईंट से ईंट बजा देगी।”










