CG NEWS : लोरमी। नवरात्रि के पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी विधानसभा के ग्राम महरपुर और बिठल्दह में मां दुर्गा के दर्शन-पूजन कर जनचौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उन्होंने ग्रामीणों की कई समस्याओं का मौके पर समाधान किया। गांव में मानस मंच शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की। बिठल्दह में सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपए, शेड निर्माण के लिए 5 रुपए और नवागांव वेंकट में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार की घोषणा की। इस तरह कुल 30 लाख 20 हजार रुपए के विकास कार्यों का ऐलान किया। वहीं ग्रामीणों को अन्य समस्याओं के समाधान के लिए आश्वस्त किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने महरपुर में आयोजित जन-चौपाल कार्यक्रम में अपने परिवारजनों से सीधे संवाद किया।इस जनसंवाद के दौरान ग्रामीणजन अपनी विभिन्न समस्याओं और अपेक्षाओं के साथ उपस्थित हुए। कई समस्याओं का त्वरित समाधान मौके पर ही किया गया एवं शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि, आपकी समस्याएं मेरी समस्याएं हैं और उनका समाधान मेरी प्राथमिकता है। ग्रामीणों को बताया कि, महरपुर गांव में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 30 लाख 40 हजार रुपयों की स्वीकृति दी है।
‘महतारी सदन’ महिला सशक्तिकरण का लिखेगा नया अध्याय
डिप्टी सीएम साव ने लोरमी विधानसभा के ग्राम पंचायत नवागांव वेंकट में नवनिर्मित महतारी सदन का लोकार्पण कर माताओं-बहनों को समर्पित किया। साथ ही ग्राम लगरा में भी महतारी सदन का लोकार्पण किया गया। उन्होंने महिला समूह की दीदियों के साथ महतारी सदन के किचन, स्टोर रूम, दुकान, मीटिंग हॉल का अवलोकन किया। साथ की एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधारोपण किया। साव ने कहा कि, महतारी सदन में बिहान की बहने एकत्रित होकर अपनी योजनाओं पर चर्चा कर नीतियां बनाएंगे। और खुद का व्यवसाय कर आगे बढ़ेंगी और सशक्त होगी। इस अवसर पर गांव की महिला स्वयं सहायता समूह की दीदियों से सार्थक संवाद किया। समूह की दीदियों ने उप मुख्यमंत्री साव जी का सदन और गांव में पक्की सड़क बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। महिला समूह की दीदियों ने साव को धन्यवाद देते हुए बताया कि, पहले पेड़ के छांव में बैठक करते थे। बारिश में परेशानी होती थी। अब सदन बन जाने से आजीविका के लिए प्रशिक्षण ले सकते हैं। दुकान में सामान बेचकर आजीविका चलाने में मदद मिलेगी।
बता दें कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धमतरी के करेली बड़ी से वर्चुअल माध्यम से पूरे प्रदेश में सर्वसुविधायुक्त 51 महतारी सदन का शुभारंभ किया। इस राज्य स्तरीय महतारी सदन के लोकार्पण समारोह में डिप्टी सीएम साव नवागांव वेंकट से वर्चुअली शामिए हुए। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत महिला समूह की लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र एवं सांकेतिक चेक वितरित किया।
ग्राम बिठल्दह में ग्रामीणों को नवरात्रि पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर गांव में जनचौपाल आयोजित कर महतारी और सियान से आत्मीय भेंट की एवं उनकी समस्याएं सुनी और समाधान के लिए आश्वस्त किया। ग्रामीणों को बताया कि, बिठल्दह में करोड़ों की लगात से तीन सड़क निर्माण की स्वीकृत हुई है। इससे गांव चारों ओर सड़क से जुड़ जाएगा। ग्रामीणों की कई सालों की मांग पूरी होने जा रही है। वहीं गांव के गोरेलाल राजपूत के देहदान करने पर उनकी पत्नी श्रीमती रमइया बाई राजपूत एवं परिजनों को सम्मानित किया।










