BREAKING

छत्तीसगढ़

रायपुर रेल मंडल ने रचा विकास का नया कीर्तिमान, 2025-26 में राजस्व व यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि

रायपुर, रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बताया कि मंडल ने राजस्व, माल लदान, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

उन्होंने कहा कि रायपुर मंडल ने इस वर्ष 46.44 मिलियन टन माल लदान कर 4983 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 4 प्रतिशत अधिक है। वहीं, यात्री परिवहन के क्षेत्र में 26.6 मिलियन यात्रियों को सेवाएं प्रदान करते हुए 631.35 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

मंडल ने यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया। त्योहारों और छुट्टियों के दौरान 19 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के 195 ट्रिप चलाए गए तथा 12 भारत गौरव ट्रेनों का संचालन किया गया। इसके अलावा, 60 अतिरिक्त कोच जोड़े गए ताकि यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध हो सकें।

डिजिटल और व्यावसायिक क्षेत्रों में भी प्रगति दर्ज की गई। विविध आय 25.18 करोड़ रुपये रही, जबकि गैर-किराया राजस्व 17.10 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। खानपान सेवाओं से आय में 75 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

यात्री सुविधाओं के विस्तार के तहत अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कई स्टेशनों का विकास किया गया। नई ट्रेन सेवाएं शुरू की गईं, प्लेटफार्मों का विस्तार किया गया और एस्केलेटर सहित आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गईं। इसके साथ ही, कई स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज और दूसरे प्लेटफार्म के निर्माण की योजना को मंजूरी मिली है।

रेल मदद के माध्यम से यात्रियों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया, जिससे संतुष्टि स्तर में सुधार हुआ। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को ‘रेल मदद शील्ड’ से सम्मानित किया गया।

सुरक्षा के क्षेत्र में भी मंडल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की और वर्ष 2025-26 को शून्य ट्रेन दुर्घटना वर्ष के रूप में दर्ज किया गया।

मंडल ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई लेवल क्रॉसिंग बंद कर रोड अंडर ब्रिज का निर्माण किया। इसके अलावा, चौथी रेल लाइन बिछाने की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी स्वीकृति मिली है, जिससे भविष्य में ट्रेनों की क्षमता और सुगमता बढ़ेगी।

सभी प्रकार की विज्ञापन के लिए हमें इस नंबर 👉7415454656,पर संपर्क करें

Related Posts