BREAKING

छत्तीसगढ़

MLA Dr. Sampat Agarwal ने किया Shri Balaji ‘एडवांस्ड कैंसर हॉस्पिटल’ का अवलोकन,डॉ. देवेंद्र नायक के प्रयासों को सराहा

Raipur News । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर अब कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक नए स्वर्णिम युग की ओर कदम बढ़ा चुकी है। मोवा स्थित श्री बालाजी हॉस्पिटल परिसर में 200 बिस्तरों वाले ‘एडवांस्ड सुपर स्पेशलिटी कैंसर हॉस्पिटल’ का भव्य शुभारंभ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह अस्पताल विश्वस्तरीय आधुनिक सुविधाओं के साथ “कैंसर का संपूर्ण समाधान” प्रदान करने के संकल्प के साथ शुरू किया गया है, जिसका लाभ न केवल प्रदेश बल्कि पूरे मध्य भारत के मरीजों को मिलेगा।

इस विशेष अवसर पर बसना क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अस्पताल की अत्याधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया और इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।

अस्पताल के संचालक डॉ. देवेंद्र नायक की दूरदर्शिता और अटूट सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। विधायक डॉ. अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. देवेंद्र नायक जी ने रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवा को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए जो समर्पण दिखाया है, वह वास्तव में वंदनीय है। श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल के माध्यम से उन्होंने कैंसर जैसे जानलेवा रोग से जूझ रहे मरीजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का उपचार एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने का जो बीड़ा उठाया है, वह हमारे प्रदेश के स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगा।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कैंसर केवल एक शारीरिक बीमारी नहीं, बल्कि एक बड़ी आर्थिक चुनौती भी है। उन्होंने कहा कि अक्सर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए मुंबई या अन्य महानगरों की ओर भागना पड़ता था, जो हर किसी के लिए संभव नहीं था। लेकिन अब श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल की यह पहल राज्य के गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगी। यहाँ आधुनिक तकनीक और अनुभवी चिकित्सकों की उपलब्धता से अनगिनत परिवारों को नई आशा मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि यह नया संस्थान अत्याधुनिक मशीनों, कीमोथेरेपी, रेडिएशन और कैंसर सर्जरी जैसी विशेषज्ञ सुविधाओं से लैस है। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अंत में डॉ. देवेंद्र नायक, अस्पताल प्रबंधन और समस्त चिकित्सा टीम को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए साधुवाद देते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि यह संस्थान निरंतर जनसेवा में समर्पित रहकर मानवता की सेवा करता रहे।

Related Posts