BREAKING

Blog

मिवान स्टील प्लांट झुका: 19 में से 15 मांगें मंजूर, बाकी पर 5 दिन का अल्टीमेटम

मंदिर हसौद, छत्तीसगढ़ | मजदूरों की एकजुटता और जनप्रतिनिधियों के कड़े रुख के आगे मिवान स्टील प्लांट प्रबंधन को आखिरकार झुकना पड़ा। शुक्रवार को हुई हाई-प्रोफाइल वार्ता के बाद प्रबंधन ने श्रमिकों के 19 सूत्रीय मांग पत्र में से 15 मांगों को तत्काल प्रभाव से मान लिया है, जबकि शेष 4 मांगों पर 5 दिनों के भीतर निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया है।

नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद के अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी के नेतृत्व में लंबे समय से चल रहे इस संघर्ष ने निर्णायक मोड़ ले लिया। वेतन वृद्धि, कार्यस्थल की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं जैसी प्रमुख मांगों को लेकर मजदूर और जनप्रतिनिधि लगातार आंदोलनरत थे। मजदूरों की एकता और पार्षदों के सक्रिय सहयोग ने प्रबंधन पर दबाव बनाया, जिसके चलते यह अहम सहमति बन पाई।

बैठक के दौरान शेष 4 जटिल मांगों पर प्लांट के CEO ने 5 दिनों के भीतर ठोस निर्णय लेने का भरोसा दिया। यह प्रक्रिया प्रशासन की मौजूदगी में पूरी की जाएगी, जिसमें तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी और श्रम विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे।

इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में बाकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो मजदूर ‘अनिश्चितकालीन हड़ताल’ पर जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्लांट प्रबंधन की होगी।

उन्होंने कहा कि यह समझौता सिर्फ शुरुआत है और मजदूरों के सभी अधिकार मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। इस बड़ी जीत के बाद क्षेत्र के मजदूरों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।

सभी प्रकार की विज्ञापन के लिए हमें इस नंबर 👉7415454656,पर संपर्क करें

Related Posts