बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज कोटा के सीवी रमन विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय पूर्वी क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालयीन पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया। समारोह में उप मुख्यमंत्री साव ने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खेल के मैदान में कभी हारते नहीं हैं, वे या तो जीतते हैं या सीखते हैं। खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है और एक घंटा खेल में पसीना बहाना स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि खेल का हमारे जीवन में बड़ा महत्व है। प्राचीन समय से खेल हमारी दिनचर्या और संस्कृति का हिस्सा रहा है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, इसलिए हर व्यक्ति को अपने दिनचर्या में खेल को स्थान देना चाहिए। खेल आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है। जितना अधिक खिलाड़ी मैदान में पसीना बहाते हैं, उतना ही उनका खेल कौशल और मानसिक संतुलन निखरता है।
डिप्टी सीएम साव ने कहा कि कबड्डी हमारी परंपरा और संस्कृति से जुड़ा खेल है, जो रणनीति, समन्वय और शारीरिक क्षमता का अद्भुत संगम है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी खिलाड़ियों को परिवार का हिस्सा मानते हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए खेल क्षेत्र को भी सशक्त बना रहे हैं। वर्ष 2047 तक भारत को खेल के क्षेत्र में अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। साव ने विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा से देश और प्रदेश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में विश्विद्यालय के कुलगुरु डॉ प्रदीप कुमार घोष जी, कुलसचिव डॉ अरविंद तिवारी जी, डॉ केसी मनोज जी, प्राध्यापक जयशंकर यादव जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल जी, नगर पालिका अध्यक्ष सरोज साहू , रतनपुर नगर पालिका के अध्यक्ष श्री लवकुश कश्यप जी, अन्य पदाधिकारी, अलग अलग विवि के खिलाड़ी उपस्थित रहे।