छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपहरण और लूट की बड़ी साजिश को नाकाम किया गया है. समय रहते दो बंधकों को पुलिस ने छुड़ा लिया है. मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है. मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना आजाद चौक क्षेत्रांतर्गत घोराही तालाब रामकुंड क्षेत्र में दो व्यक्तियों को अवैध रूप से बंधक बनाकर मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल द्वारा मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए।एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा एवं एसीपी इशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना आजाद चौक की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना की गई। क्षेत्र की घेराबंदी कर योजनाबद्ध तरीके से सघन तलाशी ली गई।
संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक झोपड़ी में रेड कार्रवाई की गई, जहां से जीवन यदु (धमतरी) और राकेश शर्मा (धमतरी) को मुक्त कराया गया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि लगभग 2 लाख रुपये के लेन-देन विवाद के चलते आरोपियों ने सुनियोजित षड्यंत्र रचकर दोनों को करबला तालाब के पास से अगवा कर बंधक बना लिया था. हथियारों के बल पर मारपीट कर जबरन जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए. साथ ही नगद राशि, बैंक दस्तावेज, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूट ली गई.
पुलिस ने आरोपी कामरान अब्बास, नवीन उर्फ नन्नू ढीमर, लक्की निषाद उर्फ छोटा चिकन, राकेश धीवर, अनिल धीवर, हरिओम सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही आरोपियों के कब्जे से 3,500 रुपये नगद, 2 पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस और 06 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.










